ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

शादी के 78 दिन बाद नवविवाहिता ने कार में की आत्महत्या, पति समेत तीन गिरफ्तार

तिरुपुर: तमिलनाडु के तिरुपुर में एक नवविवाहित महिला पति और सास-ससुर की प्रताड़ना से इस कदर टूट गई कि उसने मौत को गले लगा लिया. मृतक महिला रितन्या की शादी 78 दिन पहले कविन कुमार से हुई थी. रितन्या (27) ने आत्महत्या करने से पहले अपने पिता को व्हाट्सएप पर ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी, जिसमें उसने आपबीती बताई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, तिरुपुर के रहने वाले अन्नादुरई (50) रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़े हैं. उनकी पत्नी का नाम जयसुधा है. उनका एक बेटा मिथुन आदित्य और एक बेटी रितन्या (27) है. रितन्या की शादी करीब तीन महीने पहले तिरुपुर जिला कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष कृष्णन के बड़े बेटे ईश्वरमूर्ति के पुत्र कविन कुमार से हुई थी. दहेज उत्पीड़न के कारण शादी के 78 दिन बाद रितन्या ने अपनी कार में ही आत्महत्या कर ली. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचाया.
मुझे माफ कर दो पापा...
इस बीच, एक चौंकाने वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसे रितन्या ने आत्महत्या से पहले अपने पिता को व्हाट्सएप के जरिये भेजा था. ऑडियो रिकॉर्डिंग में उसने कहा था, "मैं कविन कुमार की मानसिक और शारीरिक यातना बर्दाश्त नहीं कर सकती थी. मेरे पति, सास और ससुर मुझे प्रताड़ित कर रहे हैं. मैं अब इस तरह नहीं जी सकती. मुझे माफ कर दो पापा."
इस घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर मृतक महिला के पति कविन कुमार, ससुर ईश्वरमूर्ति और सास चित्रादेवी को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, चित्रादेवी को उनकी अस्वस्थता के कारण सशर्त घर भेज दिया गया.
ससुराल वालों ने रितन्या के पिता को धोखे में रखा
इस बारे में रितन्या के पिता अन्नादुरई ने कहा, "उन्होंने मेरी बेटी को इस हद तक परेशान किया है कि मैं उसे बता नहीं सकता. मैंने अपनी बेटी को क्यों खो दिया? जब मेरी बेटी ने आकर मुझे बताया तो मैंने उस पर विश्वास नहीं किया. उन्होंने (ससुराल वालों) मुझे मानसिक रूप से परेशान किया है ताकि मैं उनकी बातें सुनूं."
उन्होंने रोते हुए कहा, "कविन कुमार ने उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया है. उन्होंने मुझसे कहा कि वे उसे अपनी बेटी की तरह रखेंगे. उन्होंने पैसे और गहने भी मांगे. फिर भी उसे परेशान किया है. उसके ससुर ने कहा है कि मेरा बेटा बेडरूम में कुछ अलग चाहता है."
मृतक रितन्या की मां जयसुधा ने नम आंखों से कहा, उन्होंने मेरी बेटी के हाथ-पैर बांध दिए और उसे शारीरिक रूप से तरह-तरह से प्रताड़ित किया. उन्होंने उससे गहने भी मांगे. उन्हें इसी तरह की सजा मिलनी चाहिए. तभी मेरी बेटी की आत्मा को शांति मिलेगी.

Post a Comment

0 Comments