लखीमपुर खीरी, 23 अप्रैल। तहसील निघासन क्षेत्र के थाना पढुआ के अंतर्गत गुरुवार को मुंडन कार्यक्रम में जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल ओयल में इलाज जारी है। वहीं एक गंभीर घायल को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया, जिसे एएलएस एंबुलेंस के माध्यम से भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम राजीव कुमार निगम तत्काल स्थानीय तहसील प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल सीएचसी रमियाबेहड़ में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। इसके उपरांत सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल ओयल भिजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
*डीएम-एसपी पहुंचे जिला चिकित्सालय, घायलों का लिया हालचाल*
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डीएम अंजनी कुमार सिंह, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग एवं सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता जिला अस्पताल ओयल पहुंचे। अधिकारियों ने सीएमएस डॉ आरके कोली के साथ वार्ड में जाकर घायलों का हालचाल लिया और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अधिकारियों ने चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत जानकारी लेते हुए घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। हादसे में पांच लोगों की जान गई है, जबकि 22 लोग घायल हैं। प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। गंभीर घायल को तत्काल एएलएस एंबुलेंस के जरिए लखनऊ रेफर किया गया है तथा उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
0 Comments