बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ में थमे गाडिय़ों के पहिए, चक्का जाम से करोड़ों का नुकसान
कर्मचारियों के समय पर न पहुंच पाने से बढ़ी दिक्कतें
एंट्री टैक्स की नई दरें लागू होते ही बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में ऐसा बवाल मचा कि पहले ही दिन उद्योगों के पहिए थम गए और पूरा इलाका जाम में जकड़ गया। सीमाओं पर भडक़े विरोध और चक्का जाम ने कुछ ही घंटों में उद्योगों की रफ्तार रोक दी। कर्मचारी रास्तों में फंस गए, उत्पादन ठप हो गया और हजारों टन तैयार माल फैक्टरी गेट पर ही अटक गया।
पहले ही दिन करोड़ों रुपए का नुकसान दर्ज हुआ, जबकि सप्लाई चेन पूरी तरह चरमरा गई। बुधवार सुबह होते ही पंजाब सीमा के भरतगढ़, दभोटा और ढेरोंवाल बैरियरों पर प्रदर्शनकारियों ने कब्जा जमा लिया था और आवाजाही बंद कर दी, जबकि बघेरी के पास गरामौड़ा बैरियर किसान मोर्चा के नियंत्रण में रहा। इसके साथ ही हरियाणा की ओर से भी बद्दी और बरोटीवाला में चक्का जाम कर दिया गया, जिससे पूरा बीबीएन क्षेत्र चारों ओर से जाम में घिर गया।
टोल पर पर्ची कटते ही भडक़ी ट्रक यूनियन
टोल प्लाजा पर सुबह आठ से 11 बजे तक हालात तनावपूर्ण बने रहे। वाहन चालक पुरानी दरों पर अड़े रहे, जबकि टोल प्रबंधन नई दरें लागू करने पर डटा रहा। नई दरों के अनुसार पर्चियां कटते ही ट्रक यूनियन और चालकों का गुस्सा फूट पड़ा। बद्दी के मुख्य प्रवेश द्वार पर यूनियन ने डेरा डाल दिया और सुबह 11 बजे से देर शाम तक चक्का जाम का दौर जारी रहा।
0 Comments