महाराष्ट्र सरकार ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास अघाड़ी सरकार द्वारा एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस को झूठे मामले में फँसाकर गिरफ्तार करने की साजिश का पर्दाफाश के लिए SIT गठित की है। जाँच की जिम्मेदारी मुंबई पुलिस के जॉइंट कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) सत्यनारायण चौधरी को सौंपी गई है। इस टीम में चार सदस्य होंगे। SIT तीस दिनों में अपनी जाँच रिपोर्ट सरकार को देगी।
दरअसल, संजय पुनामिया नाम के एक व्यवसायी ने इस तरह का दावा किया था। उन्होंने कहा था कि मीडिया में स्टिंग ऑपरेशन दिखाए गए थे, जिसमें मुंबई पुलिस के पूर्व प्रमुख देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे की गिरफ्तारी की योजना बना रहे थे। उन्होंने दावा किया कि यह गिरफ्तारी उनके खिलाफ दर्ज एक मामले से जुड़ी थी। इसके लिए ठाणे नगर थाने में फर्जी मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया था।
इन आरोपों के बाद भाजपा के विधान पार्षद (MLC) प्रवीण दारेकर ने इसकी जाँच के लिए एक विशेष जाँच दल (SIT) गठित करने की माँग की थी। उन्होंने विधान परिषद में एक पेन ड्राइव भी पेश की थी, जिसमें उस स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो थे। इसके साथ ही इसमें पूर्व डीजीपी संजय पांडे और तत्कालीन डीसीपी लक्ष्मीकांत पाटिल के बीच बातचीत का एक ऑडियो क्लिप है।
सीएम फडणवीस के खास माने जाने वाले प्रवीण दारेकर ने दावा किया कि ऑडियो क्लिप में पांडे ठाणे शहर में तैनात पाटिल से आपराधिक मामला दर्ज करके फडणवीस और शिंदे को गिरफ्तार करने का निर्देश दे रहे थे। इसके बाद महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री शंभुराजे देसाई ने विधानसभा में ही मामले की जाँच के लिए SIT बनाने की घोषणा की।
मुंबई पुलिस के जॉइंट कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) सत्यनारायण चौधरी की अगुवाई वाली टीम में मुंबई पुलिस उपायुक्त नवनाथ धवले और सहायक आयुक्त अदिकराव पोल भी शामिल हैं। इसके अलावा, इस टीम में राज्य रिजर्व पुलिस बल के उप महानिरीक्षक राजीव जैन को भी शामिल किया गया है। SIT पुलिस उपायुक्त लक्ष्मीकांत पाटिल के खिलाफ भी शिकायतों की जाँच करेगी।
बता दें कि नवंबर 2019 से जून 2022 तक महाविकास अघाड़ी (MVA) की सरकार के दौरान वर्तमान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता थे। वहीं, एकनाथ शिंदे MVA सरकार में शहरी विकास मंत्री थे। जून 2022 में शिंदे ने उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत कर दी और विधायकों को लेकर MVA सरकार को गिरा दिया था। इसके बाद वे मुख्यमंत्री बने थे।
0 Comments