ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

इंदौर में दर्दनाक हादसा: स्कूल छोड़ने जा रहे छात्र को मारुति वैन ने मारी टक्कर, मौके पर ही मौत

इंदौर। इंदौर के गांधी नगर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक मारुति वैन की टक्कर से 17 वर्षीय छात्र भविष्य यादव की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपनी छोटी बहन भूमिका को स्कूल छोड़ने बाइक से निकला था।हादसा गायत्री माता मंदिर के पास उस समय हुआ, जब अचानक एक वैन ने रिवर्स लेते हुए उसे टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी जान चली गई, जबकि उसकी बहन घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है।

सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा

घटना पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि भविष्य जैसे ही सड़क पार कर रहा था, एक सफेद मारुति वैन तेज रफ्तार में रिवर्स होती है और सीधा छात्र को टक्कर मारती है। टक्कर के बाद भविष्य नजदीकी लोहे के पोल से जा टकराया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। वहीं, उसकी बहन गिरकर दूर जा गिरी और घायल हो गई।

ड्राइवर ने अस्पताल में छोड़ा, फिर हो गया फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वैन चालक ने घायल बच्चों को भाटिया अस्पताल में भर्ती तो कराया, लेकिन वहां से बिना जानकारी दिए फरार हो गया। अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गांधी नगर थाने की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अब वैन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

परिवार में मचा कोहराम, इकलौता बेटा था भविष्य

भविष्य यादव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पिता किराने की दुकान चलाते हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। छोटी बहन भूमिका अभी अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस कर रही जांच, वैन चालक फरार

गांधी नगर पुलिस ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद मौके से सबूत जुटाए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी वाहन और उसके ड्राइवर की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को वैन या चालक के बारे में जानकारी हो, तो तुरंत थाने में सूचित करें।

Post a Comment

0 Comments