मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन में जमकर हंगामा हुआ. विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) के विधायकों ने जमकर विरोध किया. इस दौरान कांग्रेस विधायक नाना पटोले स्पीकर राहुल नार्वेकर के आसन पर चढ़ गए. इसके कारण पटोले को एक दिन के लिए सत्र से निलंबित कर दिया गया.
एमवीए विधायकों ने कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे और भाजपा विधायक बबनराव लोनीकर की किसानों के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणियों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रश्नकाल के बाद राज्य सरकार से माफी की मांग की. विजय वडेट्टीवार, असलम शेख, ज्योति गायकवाड़ और पटोले सहित कांग्रेस विधायकों ने स्पीकर के आसन के पास जाकर बबनराव लोनीकर की टिप्पणी को वापस लेने और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से औपचारिक माफी मांगने की मांग की.
पटोले ने कहा, "बबनराव लोनीकर और कृषि मंत्री माणिकराव कोकाटे लगातार किसानों का अपमान कर रहे हैं. किसानों का यह अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मुख्यमंत्री को विधानसभा में किसानों से माफी मांगनी चाहिए. मोदी आपके पिता हो सकते हैं, लेकिन वे कभी किसानों के पिता नहीं हो सकते."
स्पीकर नार्वेकर ने पटोले को असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने के लिए चेतावनी दी. फिर भी, पटोले स्पीकर की कुर्सी के पास पहुंच गए और बहस करने लगे. विपक्ष की नारेबाजी से सदन में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद स्पीकर नार्वेकर ने 5 मिनट के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी.
जब कार्यवाही फिर से शुरू हुई तो विपक्ष ने किसानों से माफी मांगो, माफी मांगो जैसे नारे लगाने शुरू कर दिए. स्पीकर नार्वेकर की बार-बार चेतावनी के बावजूद पटोले स्पीकर की कुर्सी के पास बहस करते रहे. इस दौरान सीएम फडणवीस ने हस्तक्षेप किया और पटोले से माफी मांगने को कहा. विपक्ष ने नारेबाजी करते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया. विपक्ष ने मंगलवार को पूरे दिन की कार्यवाही का बहिष्कार किया.
भाजपा विधायक पर किसानों का अपमान करने का आरोप
पूर्व मंत्री लोनीकर ने हाल ही में जालना जिले के अपने निर्वाचन क्षेत्र परतुर में किसानों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि जो लोग उनकी पार्टी और सरकार की आलोचना करते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि उन्हें कपड़े, जूते, मोबाइल, योजनाओं का मौद्रिक लाभ और बुवाई के लिए पैसे हमारी सरकार की वजह से मिल रहे हैं. वहीं, कोकाटे ने कथित तौर पर दावा किया था कि किसानों ने कर्ज माफी से मिले पैसों का इस्तेमाल शादियों पर किया.
0 Comments