मंगलुरु (कर्नाटक): झारखंड के एक मजदूर को कथित तौर पर बांग्लादेशी होने के शक में मंगलुरु में पीटा गया. पुलिस ने हमला करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों को शक था कि पीड़ित प्रवासी मजदूर बांग्लादेशी नागरिक है, मंगलुरु में अवैध तरीके से रह रहा है.यह घटना रविवार को मंगलुरु शहर के बाहरी इलाके कुलूर में हुई. मंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी ने एक बयान में कहा कि प्रवासी मजदूर दिलजान अंसारी पिछले 10 से 15 वर्षों से मंगलुरु में प्रवासी मजदूर के तौर पर काम कर रहा है, और काम के लिए हर साल चार से छह महीने शहर में रहता है.
कहा जाता है कि आरोपियों ने दिलजान अंसारी पर बांग्लादेशी होने का आरोप लगाया और उसकी राष्ट्रीयता पर सवाल उठाते हुए पहचान के डॉक्यूमेंट्स दिखाने को कहा. अंसारी के बार-बार यह कहने के बावजूद कि वह भारतीय नागरिक है, आरोपियों ने कथित तौर पर उसे परेशान करना जारी रखा और आपत्तिजनक बातें कीं. फिर उन्होंने उसके सिर पर मारा और उस पर हमला किया.
स्थानीय महिला ने मजदूर को बचाया
पुलिस के मुताबिक एक स्थानीय महिला ने अंसारी को आरोपियों के चंगुल से बचाया. अधिकारियों ने कहा कि प्रवासी मजदूर होने के कारण पीड़ित व्यक्ति ने डर के कारण तुरंत पुलिस से संपर्क नहीं किया, और बिना शिकायत दर्ज कराए घर लौट गया. बाद में जब स्थानीय नेताओं ने चिंता जताई और कार्रवाई की मांग की, तो मामला पुलिस के संज्ञान में आया.
पीड़ित भारतीय नागरिक
सिटी पुलिस कमिश्नर रेड्डी ने कहा कि सत्यापन के बाद, अधिकारियों ने पुष्टि की कि पीड़ित भारतीय नागरिक है जो नौकरी के लिए मंगलुरु आया था. इसके बाद कुलूर (Kulur) के रहने वाले सागर, धनुष, लालू उर्फ रतीश और मोहन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया. आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं और आगे की जांच चल रही है।
0 Comments