ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल : 1.136 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुआ घोसियाना मुक्तिधाम मार्ग


लखीमपुर खीरी 21 फरवरी। अंतिम यात्रा-एक ऐसा क्षण, जहाँ हर कदम संवेदना से भरा होता है और हर रास्ता सम्मान की अपेक्षा करता है। लेकिन घोसियाना मुक्तिधाम तक जाने वाला जर्जर मार्ग वर्षों से इस अंतिम विदाई को भी कष्टदायक बना रहा था। टूटे-फूटे रास्ते और फिसलन ने शोक संतप्त परिजनों की पीड़ा को और बढ़ा दिया था। आमजन की इस व्यथा को गंभीरता से लेते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने इसे केवल सड़क निर्माण का विषय नहीं, बल्कि मानवीय जरूरत मानकर समाधान का संकल्प लिया, जो अब धरातल पर साकार हो चुका है।

क्रिटिकल गैप, विकास शुल्क निधि और क्षेत्र पंचायत निधि की कन्वर्जेंस से कुल 1.136 करोड़ रुपये की लागत में तैयार इस मार्ग का लोकार्पण विधायक योगेश वर्मा, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, सीडीओ अभिषेक कुमार ने प्रमुख (क्षेत्र पंचायत) दिव्या सिंह के साथ किया। इस कार्य को कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग एवं क्षेत्र पंचायत लखीमपुर ने समय पर पूरा किया।

डीएम ने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि जनहित और मानवीय संवेदना का विषय है। वर्षों से क्षतिग्रस्त इस मार्ग पर अब 660 मीटर लंबाई में सीसी सड़क, दोनों ओर पटरी इंटरलॉकिंग और नालियों का निर्माण कर, अंतिम यात्रा में शामिल होने वाले शोक संतप्त परिजनों और आमजन के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित किया गया है।

अब पलिया व निघासन की ओर से आने वाले वाहन सीधे मार्ग का उपयोग कर सकेंगे, जिससे महेवागंज, मेला मैदान और इमली चौराहा क्षेत्र में यातायात का दबाव कम होगा और सड़क यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगी। इस कार्य को देखकर स्थानीय लोग भावुक हुए और डीएम की सक्रियता की जमकर सराहना की। एक स्थानीय ने कहा कि अब अंतिम यात्रा के दर्द में कुछ सहजता और सम्मान जुड़ गया है।

*मुक्तिधाम मार्ग से मिली राहत, सेटघाट तक बनेगा नया संपर्क मार्ग: विधायक*
विधायक सदर योगेश वर्मा ने कहा कि मुक्तिधाम मार्ग क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। अंतिम यात्रा में शामिल होने वाले लोगों को अब सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी। उहोंने मंच से घोषणा की कि जल्द ही मुक्तिधाम से सड़क मार्ग के जरिए सेटघाट को जोड़ा जाएगा। इससे मुक्तिधाम से सेटघाट होते हुए सैधरी तक नया संपर्क मार्ग तैयार होगा, जो क्षेत्रवासियों के आवागमन को और अधिक सुगम बनाएगा। प्रमुख क्षेत्र पंचायत दिव्या सिंह ने भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। इस दौरान अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी तरुणेन्द्र त्रिपाठी, एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह, बीडीओ ज्ञानेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
                 =======
*डीएम की पहल पर गढ़ी मार्ग बना शहर का नया जीवन रेखा*
बताते चलें कि घोसियाना- मुक्तिधाम मार्ग के साथ ही डीएम की पहल पर गढ़ी मार्ग अब सैंधरी बाईपास से शहर को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग बन गया है। इससे मेडिकल कॉलेज से शहर की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। बाईपास पर स्थित औद्योगिक इकाइयों को शहर से सीधा जुड़ाव मिलेगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी। वहीं SSB, स्कूलों, स्थानीय नागरिकों के लिए यह मार्ग बड़ी राहत साबित होगा।

मिदनिया तिराहे से शहर सीमा तक 850 मी. लंबाई में 8.5 मी.चौड़ा सड़क मार्ग तैयार किया गया है, जिसमें 5.50 मीटर चौड़ी सीसी रोड और 3 मी इंटरलॉकिंग शामिल है। इस नवनिर्मित सीसी सड़क पर 1.94 करोड़ रुपये की लागत आई है। निर्माण कार्य PWD (प्रांतीय खंड) और इंटरलॉक व नाली निर्माण कार्य जिला पंचायत से कराया गया। सड़क पर ओवरहेड साइन बोर्ड, प्लेस आइडेंटिफिकेशन बोर्ड और रोड मार्किंग सहित सभी जरूरी साइनज कार्य हुए है, यह मार्ग अब 37 स्ट्रीट लाइटों से जगमगा उठा, जिससे रात्रिकालीन आवागमन भी सुरक्षित होगा।

Post a Comment

0 Comments