ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

वेलेंटाइन डे पर गर्लफ्रेंड को साड़ी गिफ्ट करने निकला युवक, रेलवे ट्रैक किनारे टुकड़ों में मिली लाश_

कानपुर: वेलेंटाइन डे पर गर्लफ्रेंड से मिलने निकले युवक का शव दबौली स्थित खारजा नहर के पास रेलवे ट्रैक के किनारे बरामद हुआ. युवक का शव टुकड़ों में पड़ा था. राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद मृतक की शिनाख्त की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
घटना शनिवार देर रात की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, जरौली फेस-2 निवासी आदर्श शर्मा (25) शनिवार शाम करीब 5.30 बजे अपने घर से निकला था. उसने परिजनों से मां शशि की दवा लाने की बात कही थी, लेकिन काफी देर तक घर न लौटने पर उसकी तलाश शुरू की गई. देर रात उसकी मौत की खबर घर पहुंची. पुलिस को शव की जेब से एक साथी का आईडी कॉर्ड मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो पाई.
मृतक आदर्श पेशे से ऑयल टैंकर क्लीनर था और अपने परिवार का एकमात्र सहारा था. परिवार में मां शशि के अलावा बड़ी बहनें संध्या, सपना और छोटा भाई ऋषभ हैं. परिजनों के अनुसार, पिछले 2 साल से उसका एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी शादी 6 महीने पहले गुजैनी में हो गई थी. आदर्श बहन को यह बताकर निकला था कि वह वैलेंटाइन डे के मौके पर अपनी इसी शादीशुदा प्रेमिका को साड़ी देने जा रहा है. उसने बहन से कहा था कि वह एक घंटे में लौट आएगा.

मृतक के चाचा कमलेश और मामा महेंद्र कुमार ने इस घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. चाचा कमलेश का कहना है कि, आदर्श का उस युवती से पुराना संबंध था. कुछ समय पहले जब वह उससे मिलने गया था, तब युवती के पति से उसका काफी विवाद और झगड़ा हुआ था. आशंका है कि प्रेमिका के पति ने ही उसकी हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया. परिजनों ने यह भी बताया कि हाल ही में 7 फरवरी को बहन सपना की शादी हुई थी और घर में खुशी का माहौल था, जो अब मातम में बदल गया है.
घटना की सूचना पर पहुंची गोविंद नगर पुलिस को मृतक के पास से उसके साथी का आईडी कॉर्ड मिला है. गोविंद नगर थाना प्रभारी रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की तहरीर आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Post a Comment

0 Comments