लखीमपुर खीरी, 21 फरवरी। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के अंतर्गत दावा एवं आपत्ति अवधि में अधिक से अधिक नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने तथा सूची को शुद्ध करने के लिए विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जा रहा है। इस क्रम में रविवार, 22 फरवरी को जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर चौथा विशेष अभियान दिवस आयोजित होगा। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने दी।
डीएम ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहेंगे। सभी बीएलओ के पास 6 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची और फार्म-6, 6ए, 7 एवं 8 की पर्याप्त संख्या उपलब्ध रहेगी। अभियान में प्रत्येक केंद्र पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था होगी, जहाँ मतदाता फार्म भरने में सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
डीएम ने कहा कि मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), सभासद, ग्राम प्रधान और स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त उप जिला निर्वाचन अधिकारी और सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अभियान के सफल संचालन के लिए भ्रमणशील रहेंगे।
*डीईओ/डीएम ने नागरिकों से मतदाता सूची जाँच की अपील की*
डीईओ/डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने समस्त नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि कि विशेष अभियान दिवस 22 फरवरी को अपने बूथ पर जाकर अपना तथा अपने परिवार के सदस्यों के नाम 6 जनवरी को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अवश्य जाँच लें। यदि किसी पात्र सदस्य का नाम मतदाता सूची में अकिंत नही है अथवा ऐसे सदस्य जिनकी आयु 01 जनवरी 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी हो। उनका भी फार्म 6 घोषणा पत्र सहित भरवाकर अपने बूथ लेवल अधिकारी को उपलब्ध करा दें अथवा ECINET मोबाइल एप्लीकेशन या voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन भी आवेदन किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त आलेख्य मतदाता सूची में अंकित अपनी प्रविष्टि में किसी भी त्रुटि को सुधारने के लिए फॉर्म 8 घोषणा पत्र के साथ भरा जा सकता है।
0 Comments