ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

हाईकोर्ट न्यायमूर्ति बोले, अंतिम पायदान तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ


लखीमपुर खीरी, 22 फरवरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, राजापुर के ओपन आडिटोरियम में आयोजित विशेष मेगा बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में जनसैलाब उमड़ पड़ा। शिविर में 42 विभागों ने भागीदारी कर आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया।

मुख्य अतिथि प्रशासनिक न्यायमूर्ति उच्च न्यायालय इलाहाबाद राजीव सिंह ने कहा कि शासन की मंशा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचे। इसके लिए जागरूकता और विभागीय समन्वय बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

जिला जज शिव कुमार सिंह ने लोगों को विधिक जागरूकता का महत्व समझाया। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रदीप कुमार कुशवाहा ने कानूनी सहायता योजनाओं की जानकारी दी। संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट मारूफ अहमद और रवि पांडे ने किया। 

शिविर में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने सात दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की। जिला उद्यान अधिकारी मृत्युंजय सिंह ने ड्रिप स्प्रिंकलर प्रणाली और मंझरा स्थित हाईटेक नर्सरी के बारे में किसानों को अवगत कराया। उद्यान एवं गन्ना विभाग के स्टॉल पर किसानों की भीड़ देखी गई। जिला गन्ना अधिकारी वेदप्रकाश सिंह ने उन्नत गन्ना प्रजातियों की जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण व औषधि वितरण किया गया। विभिन्न स्टॉलों पर राशन कार्ड, खाद-बीज, सिंचाई, उर्वरक, कीटनाशक, बैंक ऋण, बीमा, चिकित्सा कार्ड, निःशुल्क शिक्षा प्रवेश, पेंशन, जल जीवन मिशन, श्रम, पशुपालन, मत्स्य पालन, राजस्व, मानवाधिकार, तकनीकी प्रशिक्षण व स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी गई।
बाल पुष्टाहार विभाग ने तीन नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार और तीन गर्भवती महिलाओं की गोदभराई कराई। साइबर थाना के प्रभारी निरीक्षक हेमंत राय ने ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाया।

*मेगा लीगल एड कैम्प में 30 करोड़ के ऋण वितरित*
*100 स्वयं सहायता समूहों को मिली 1.50 करोड़ की सीसीएल
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित मेगा लीगल एड एवं सर्विसेज कैंप में वित्तीय समावेशन को बड़ी गति मिली। जनपद के अग्रणी बैंक इंडियन बैंक के नेतृत्व में 12 सरकारी बैंकों ने स्टॉल लगाकर वृहद ऋण वितरण शिविर आयोजित किया। 100 से अधिक लाभार्थियों को लगभग 30 करोड़ रुपये के ऋणों के डेमो चेक व स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि प्रशासनिक न्यायमूर्ति राजीव सिंह, जिला जज शिव कुमार सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रदीप कुमार कुशवाहा व मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार ने 100 स्वयं सहायता समूहों को 1.50 करोड़ रुपये की सीसीएल का डेमो चेक सौंपा।

Post a Comment

0 Comments