अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप स्थानीय समयानुसार आज सुबह बीजिंग पहुंचे और वह यहां अपने चीनी समकक्ष शी जिनपिंग के साथ उच्च स्तरीय शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। ईरान युद्ध छिड़ने के कारण इस साल की शुरुआत में जो बातचीत टल गई थी, उसे अब फिर से शुरू किया जा रहा है। ट्रंप मंगलवार को ह्वाइट हाउस से रवाना हुए थे। दोनों नेताओं के बीच बातचीत में व्यापार का मुद्दा सबसे अहम रहने की उम्मीद है। इसके साथ ही, ईरान युद्ध और हॉर्मुज जलडमरूमध्य में आपूर्ति में आ रही बाधाओं पर भी गंभीर चर्चा होने की संभावना है।
ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि ऊर्जा सुरक्षा और ताइवान के मुद्दे भी चर्चा में शामिल होंगे। दरअसल, ताइवान का सवाल अमेरिका और चीन के रिश्तों के बीच सबसे संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है। अपनी यात्रा से पहले श्री ट्रंप ने सार्वजनिक बयानों में कई बार श्री शी जिनपिंग की तारीफ की। सोमवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “वे एक महान व्यक्ति हैं। मुझे वे बहुत ही अद्भुत इंसान लगते हैं।”
पिछले हफ्ते उन्होंने कहा था, “राष्ट्रपति शी के साथ मेरे रिश्ते बहुत अच्छे हैं। हम चीन के साथ काफी व्यापार करते हैं और बहुत पैसा कमा रहे हैं।” ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर मजाक में यह भी लिखा कि जब दोनों नेता मिलेंगे, तो शी उन्हें ‘गले लगायेंगे’। सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, व्यापार, प्रतिबंधों और पश्चिम एशिया के संघर्ष के बावजूद विश्लेषकों का कहना है कि दोनों सरकारें रिश्तों को और बिगड़ने से रोकने तथा उन्हें बेहतर बनाने की कोशिश कर रही हैं।
0 Comments