पंजाब पुलिस के सस्पेंड डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के चंडीगढ़ जोनल ऑफिस ने चंडीगढ़, जालंधर, लुधियाना और पटियाला में 11 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की।
इस कार्रवाई के दौरान ईडी ने करीब 1.4 करोड़ रुपए जब्त या फ्रीज किए हैं। साथ ही मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े कई अहम दस्तावेज भी कब्जे में लिए गए हैं। ये सभी ठिकानें भुल्लर, उनके करीबी लोगों, प्रॉपर्टी डीलरों और संदिग्ध बेनामी लोगों से जुड़ी बताई जा रही हैं।
CBI केस के आधार पर शुरू हुई जांच
ईडी ने यह जांच सीबीआई, एंटी करप्शन ब्यूरो चंडीगढ़ की एफआईआर के आधार पर शुरू की है। यह एफआईआर, स्क्रैप कारोबारी आकाश बत्ता की शिकायत पर दर्ज हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि तत्कालीन डीआईजी भुल्लर ने अपने बिचौलिए किरशनू के जरिए थाना सरहिंद में दर्ज एक केस को खत्म कराने के लिए रिश्वत मांगी थी।
आरोप यह भी था कि रिश्वत इसलिए मांगी गई ताकि शिकायतकर्ता के स्क्रैप कारोबार के खिलाफ पुलिस कोई कार्रवाई न करे।
0 Comments