खीरी थाना क्षेत्र के गांव मस्जिद पुरवा में रविवार सुबह करंट लगने से पांच वर्षीय बालक की मौत हो गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था। सोमवार को मृतक के परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर शव रखकर लखीमपुर-लहरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया।
लखीमपुर खीरी के थाना खीरी क्षेत्र के गांव मस्जिद पुरवा में रविवार सुबह करंट लगने से पांच वर्षीय बालक की मौत के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने बालक का शव लखीमपुर-लहरपुर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन करने लगे। पुलिस के काफी समझाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन पर परिजन माने और शव को वहां से उठाकर ले गए।
खीरी थाना क्षेत्र के मस्जिद पुरवा गांव निवासी कमल किशोर का पांच वर्षीय पुत्र आर्यन रविवार सुबह खेत की तरफ जा रहा था। रास्ते में गांव के ही रमाकांत के घर का बिजली तार खंभे से गिर गया था, जिसकी चपेट में आर्यन आ गया। करंट लगने से उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था।
सोमवार को सुबह विद्युत निगम के कर्मचारियों और रमाकांत के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए परिजनों ने आर्यन का शव ग्राम बैरागर के समीप लखीमपुर-लहरपुर मार्ग पर रख दिया, जिससे जाम लग गया। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन आर्यन का शव घर ले गए। कार्यवाहक थाना प्रभारी लल्ला गोस्वामी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
0 Comments