ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

तेलंगाना: विस्फोटक बनाने वाली फैक्ट्री में धमाका, तीन लोगों की मौत, कई घायल


हैदराबाद: तेलंगाना के यदाद्री भुवनागिरी जिले में प्रीमियर एक्सप्लोसिव्स कंपनी में विस्फोट होने से तीन लोगों की मौत हो गई है. विस्फोटक निर्माण फैक्ट्री मोटाकोंदूर मंडल के कटेपल्ली में स्थित है. अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार शाम फैक्ट्री में विस्फोट हो गया. जिसमें एक व्यक्ति की मंगलवार को ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य लोग बुधवार को मृत पाए गए. मृतकों की पहचान कलवाला नरेश (30), जी. संदीप और सीएच देवीचरण के रूप में हुई है. अधिकारियों ने बताया कि मलबे में दबने से दोनों की मौत हो गई.
उन्होंने कहा कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे प्रीमियर एक्सप्लोसिव्स की 18A ब्लॉक बिल्डिंग में भीषण विस्फोट हुआ. विस्फोट के कारण बिल्डिंग ढह गई और मलबे के नीचे कई श्रमिक फंस गए. घटना के समय बिल्डिंग में कुल नौ कर्मी काम कर रहे थे. हादसे में गंभीर रूप से घायल कलवाला नरेश की हैदराबाद के एक अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई.
विस्फोट में चार कर्मी बी. श्रीकांत, एस. महेंद्र, बी. लिंगस्वामी और आर. श्रीकांत गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हैदराबाद के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है.

विस्फोट के बाद अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. दूसरी ओर, कंपनी में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. अधिकारियों का कहना है कि यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोट कैसे हुआ. फिलहाल अधिकारी विस्फोट के कारणों की जांच कर रहे हैं.
मंगलवार को फैक्ट्री में दुखद घटना के बाद श्रमिकों ने विरोध प्रदर्शन किया और सुरक्षा चिंताओं के कारण कंपनी को क्षेत्र से स्थानांतरित करने की मांग की. विस्फोट के कारण सुविधा में सुरक्षा मानकों के बारे में चिंता जताई है. खदानों में इस्तेमाल होने वाले एक्सप्लोसिव्स के लिए कच्चा माल इसी फैक्ट्री में तैयार किया जाता है.

Post a Comment

0 Comments