ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

मोतिहारी में 4 नाबालिग लड़कियों के अपहरण का आरोपी मौलवी गिरफ्तार, लव ट्रैप में फंसाकर बेचने की थी तैयारी



मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से लव ट्रैप का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने मदरसे के एक मौलवी को गिरफ्तार किया है, जिस पर 4 नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपहरण करने और उन्हें बेचने की साजिश का आरोप है. शिकारगंज पुलिस ने महज 36 घंटे में चारों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया है. आरोपी मदरसे में पढ़ाने के दौरान लड़कियों के संपर्क में आया था.
मौलवी ने किया 4 नाबालिग बच्चियों का अपहरण: मामला शिकारगंज थाना क्षेत्र का है. 3 जून को थानाध्यक्ष गोपाल कुमार को एक आवेदन मिला. इसमें पीड़ित पिता ने अपनी दो बेटियों समेत 4 नाबालिग बच्चियों के अपहरण की शिकायत की थी. आवेदन में बच्चियों के साथ अनहोनी की आशंका भी जताई गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज की गई और एसपी स्वर्ण प्रभात को सूचना दी गई.
मौलवी के घर से मिला लड़की का मोबाइल: एसपी स्वर्ण प्रभात ने सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया. टीम को बच्चियों की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी का टास्क दिया गया. गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ढाका थाना क्षेत्र के करसहिया गांव से आरोपी मौलवी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर चारों नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित बरामद किया गया. आरोपी के घर से एक लड़की का मोबाइल भी बरामद हुआ है.
10वीं की छात्रा से मौलवी की नजदीकियां: जांच में सामने आया कि आरोपी करसहिया, ढाका थाना क्षेत्र का रहने वाला है. वह पहले पीड़ित बच्चियों के गांव के मदरसे में पढ़ाता था. इसी दौरान उसकी एक 10वीं की छात्रा से नजदीकियां बढ़ी. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मदरसे में आने के बाद से ही मौलवी की नजर उस पर थी. वह उसे अलग से पढ़ाता था और कहानियां सुनाकर अपने जाल में फंसाता था.
मौलवी फोन पर करता था बच्चियों से बात: पीड़िता के मुताबिक धीरे-धीरे आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और फोन पर बात शुरू हो गई. इसके बाद आरोपी ने पहली लड़की की सहेली को भी अपने झांसे में ले लिया. वह पहली लड़की के सामने उसे ‘साली’ कहता था, लेकिन अकेले में उससे भी बात करता था. जब परिजनों को शक हुआ तो मौलवी को मदरसे से हटा दिया गया, लेकिन वह फोन के जरिए लड़कियों से जुड़ा रहा.
पीड़िता ने बताई पूरी कहानी: पीड़ित छात्रा ने कहा कि "शुरुआत में उसने छोटी-छोटी बातों का ख्याल रखा. मुझे अपनी आदत लगवा दी. फिर बड़े-बड़े सपने दिखाने लगा. कहता था विदेश ले जाऊंगा, घुमाऊंगा. मैं कब उसके झांसे में आ गई, पता ही नहीं चला. मुझे लगता था वह सच्चा प्यार करता है लेकिन उसकी मंशा कुछ और ही थी. अगर पुलिस समय पर नहीं आती तो मेरी और बाकी लड़कियों की जिंदगी खराब हो जाती." पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी उन्हें बेचने की योजना बना रहा थात.
"उसने छोटी-छोटी बातों का ख्याल रखा. मुझे अपनी आदत लगवा दी. आरोपी ने मुझे और अन्य बच्चियों को साथ ले जाने के बाद किसी से फोन पर बात की. बातचीत से अहसास हुआ कि आरोपी कहीं और ले जाकर हमे बेचने की योजना बना रहा था. इसके बाद हम सभी डर गये."- पीड़ित बच्ची

क्या कहती है एसपी: पुलिस ने बच्चियों को बरामद कर उनका बयान दर्ज किया और मेडिकल जांच कराई. मोतिहारी SP स्वर्ण प्रभात ने कहा कि चार नाबालिग लड़कियों के अचानक गायब होने की सूचना मिलते ही पूरी टीम को सक्रिय कर दिया गया. महज 36 घंटे के अंदर सभी को सकुशल बरामद कर लिया गया. मुख्य आरोपी मदरसा शिक्षक है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है. यह एक संगठित अपराध की साजिश थी.
"पुलिस को चार नाबालिग लड़कियों के अचानक गायब होने की सूचना मिली थी. जिसके बाद पूरी टीम को सक्रिय कर दिया गया. महज 36 घंटे के अंदर सभी बच्चियों को बरामद कर लिया गया. हम इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रहे हैं. ये को संगठित अपराध की साजिश थी."-स्वर्ण प्रभात, मोतिहारी SP
आरोपी के खिलाफ इन धाराओं में मामला दर्ज: पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले गया था. उसका मकसद उन्हें गलत गतिविधियों में धकेलना था. बरामदगी के बाद सभी बच्चियों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है. आरोपी के खिलाफ अपहरण, पॉक्सो एक्ट और मानव तस्करी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़े अपराध का खुलासा हुआ है.

Post a Comment

0 Comments