चेन्नई। तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के तिरुपत्तूर में आज रविवार शाम को राज्य एक्सप्रेस परिवहन निगम (एसईटीसी) की दो बसों की टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए। राज्य पुलिस मुख्यालय के सूत्रों ने आठ लोगों के मारे जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि घायलों की कुल संख्या का पता लगाया जा रहा है। दुर्घटना स्थल से आ रही अपुष्ट खबरों में 11 लोगों के मारे जाने की बात कही गई है और आशंका जताई गई है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रिपोर्टों में कहा गया है कि दुर्घटना में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं और यह आशंका है कि दोनों दुर्घटनाग्रस्त बसों में और लोग फंसे हो सकते हैं।
वरिष्ठ जिला, पुलिस और अग्निशमन सेवा कर्मी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में लगे हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया जा रहा है। दुर्घटना के समय एक बस कराईकुडी जा रही थी और दूसरी बस मदुरै की ओर जा रही थी।
0 Comments