युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी में दिनांक 12 जनवरी 2026 (सोमवार) को स्वामी विवेकानंद जयंती / राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर महाविद्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11:30 बजे हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत बीज वक्तव्य के साथ हुई, जिसे डॉ. सौरभ वर्मा ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात 'AI for All" विषय पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अजय वर्मा एवं धर्म नारायण ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) की वर्तमान उपयोगिता, भविष्य की संभावनाओं तथा युवाओं के लिए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत स्वामी विवेकानंद जी के जीवन-दर्शन पर डॉ. सुभाष चंद्रा ने संक्षिप्त किंतु प्रेरक वक्तव्य दिया, जिसमें उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, राष्ट्र निर्माण और चरित्र निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम के विशेष सत्र में वनस्पति विज्ञान विभाग के शिक्षक सतेन्द्र पाल सिंह ने रेड रिबन क्लब की ओर से विद्यार्थियों को HIV/AIDS विषय पर जागरूक किया। उन्होंने इस रोग से संबंधित भ्रांतियों, संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा सामाजिक संवेदनशीलता की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हेमंत पाल ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानंद का चिंतन आज भी युवाओं के लिए पथ प्रदर्शक है तथा AI जैसे आधुनिक विषयों के साथ सामाजिक जागरूकता को जोड़ना समय की मांग है। उन्होंने सभी वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन एवं समन्वयन डॉ. सौरभवर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में एन.एस.एस., रोवर्स-रेंजर्स, एन.सी.सी. वॉलंटियर्स व बी.एड. प्रशिक्षुओं सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ
0 Comments