ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

सीडीओ ने निर्माणाधीन मेला मैदान से मिदनियां सड़क के परखे हालात


सीडीओ श्री अभिषेक कुमार ने एसडीएम सदर के साथ मेला मैदान से मिदनियां तक निर्माणाधीन आरसीसी सड़क का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क के मध्य स्थित विद्युत खंभों एवं ट्रांसफार्मर को सड़क किनारे स्थानांतरित किए जाने के कार्य की प्रगति भी देखी गई। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, विद्युत को निर्देशित किया गया कि सड़क के मध्य लगे विद्युत पोलों को आगामी दो दिनों के भीतर सड़क के किनारे शिफ्ट कराया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्य को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं मानकों के अनुरूप पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत सीडीओ द्वारा मेला मैदान चौराहे से मिदनियां की ओर जाने वाली सड़क पर यातायात जाम एवं अतिक्रमण की स्थिति का मौके पर निरीक्षण किया गया। सड़क के किनारे दुकानों के बाहर रखे सामान एवं अस्थायी अतिक्रमण के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने एसडीएम सदर तथा अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को निर्देशित किया कि दुकान के बाहर एवं सड़क पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को तत्काल स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश जारी किए जाएं, जिससे यातायात व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके।

साथ ही सीडीओ द्वारा मौके पर उपस्थित दुकानदारों से अपील की गई कि वे जनहित को ध्यान में रखते हुए अपना सामान सड़क पर न रखें तथा स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।

इस अवसर पर सीडीओ के साथ एसडीएम सदर श्री अश्वनी सिंह, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी श्री अरविंद कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments