लखीमपुर खीरी। नगर पालिका लखीमपुर प्रांगण में सफाई मित्रों एवं समस्त पालिका कर्मचारियों/अधिकारियों के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ आरएम गुप्ता, नगर स्वास्थ्य अधिकारी/डिप्टी सीएमओ डॉ. लालजी पासी तथा डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रमोद वर्मा उपस्थित रहे।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा व्यापक स्तर पर जांच एवं उपचार सेवाएं प्रदान की गईं। कुल 271 लोगों की ओपीडी की गई। शिविर के दौरान 32 टीबी (टीवी) जांच, 46 एक्स-रे, 110 लोगों की बीपी व शुगर जांच की गई। इसके साथ ही 30 मलेरिया जांच भी की गई, जिससे विभिन्न रोगों की समय रहते स्क्रीनिंग संभव हो सकी। जांच के उपरांत डॉक्टर्स द्वारा आवश्यकतानुसार मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी लिखीं गईं गईं। कैंप में 11 आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा बेहतर सेवाएं दी गईं। नगर पालिका के सफाई मित्र प्रायः अपने स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील नहीं रहते हैं, ऐसे में एक ही स्थान पर कई प्रकार की जांच और दवाओं की सुविधा मिलना उनके लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे अनेक बीमारियों की पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो सकी है। उन्होंने इस विशेष स्वास्थ्य शिविर के आयोजन के लिए सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने नगर पालिका के समस्त सफाई मित्रों कर्मचारी और अधिकारियों से अपील करी कि अपने व अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहें क्योंकि जब वह स्वस्थ रहेंगे तभी एक स्वस्थ व स्वच्छ समाज की स्थापना में अपना योगदान दे सकेंगे।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों से कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ती है और समय पर उपचार मिलने से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव होता है। शिविर में बड़ी संख्या में सफाई मित्रों और कर्मचारियों ने पहुंचकर सेवाओं का लाभ उठाया।
0 Comments