लखीमपुर खीरी। जनपद में बच्चों को खसरा एवं रूबेला जैसी संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एमआर स्कूल अभियान 2026 का शुभारंभ सोमवार को किया गया। यह अभियान 16 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक जनपद के समस्त सरकारी एवं निजी विद्यालयों में संचालित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक, लगभग 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का एमआर टीकाकरण किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ योगेश वर्मा, विधायक सदर लखीमपुर, द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष गुप्ता ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला तथा जनस्वास्थ्य के दृष्टिकोण से एमआर टीकाकरण की महत्ता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का आयोजन सीबी सिंह गौड इंटर कॉलेज, सलेमपुर परिसर में किया गया, जहां विद्यालय परिवार के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रवि सिंह, डब्ल्यूएचओ से डॉ विकास सिंह तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि एमआर स्कूल अभियान बच्चों को गंभीर एवं संक्रामक रोगों से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को इसका लाभ मिल सके और जनपद को रोगमुक्त बनाने की दिशा में सार्थक कदम उठाया जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत जनपद लखीमपुर खीरी के सभी चिन्हित विद्यालयों में स्वास्थ्य विभाग की प्रशिक्षित टीमों द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टीकाकरण, जागरूकता एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएँगी। उन्होंने बताया कि अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं विद्यालय प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।
कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु संबंधित विभागों एवं विद्यालय प्रशासन द्वारा निरंतर समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे एमआर स्कूल अभियान 2026 को जनपद में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
0 Comments