ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, एडीएम ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान


लखीमपुर खीरी, 15 फरवरी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जिले के प्रमुख शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर होते ही हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गूंज उठे। इसी बीच एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए प्रमुख मंदिरों का स्थलीय भ्रमण किया और श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया।

एडीएम ने एसडीएम सदर अश्विनी कुमार सिंह के साथ सबसे पहले लिलौटी नाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने कतारों में खड़े श्रद्धालुओं से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को सजग रहने के निर्देश दिए।

इसके बाद एडीएम का काफिला ओयल स्थित प्राचीन मेढ़क मंदिर पहुंचा, जहां दूर-दराज से आए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी थी। यहां उन्होंने पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण और चिकित्सा सहायता केंद्र का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं को असुविधा न होने पाए।

भ्रमण का अंतिम पड़ाव गोला गोकर्णनाथ स्थित छोटी काशी शिव मंदिर रहा, यहां शिवभक्तों की लंबी कतारें और भक्ति में डूबा माहौल देखने को मिला। एडीएम ने एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी के साथ कंट्रोल रूम, सीसीटीवी निगरानी और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्व की पवित्रता और सुरक्षा दोनों से कोई समझौता नहीं होगा। 

एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सतत निगरानी रखी जाए, अफवाहों पर नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि हर श्रद्धालु सुगमता और सुरक्षा के साथ भगवान शिव के दर्शन कर सके। महाशिवरात्रि पर जिले भर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल, महिला कांस्टेबल, होमगार्ड और स्वयंसेवक लगातार मुस्तैद हैं। चिकित्सा टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Post a Comment

0 Comments