ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

_दिल्ली के रोहिणी में ताबड़तोड़ फायरिंग कर युवक की हत्या, कुछ दिन पहले जेल से आया था बाहर_

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी इलाके में शनिवार शाम को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. सात से आठ फायरिंग की बात सामने आई है. युवक के सिर, छाती व पेट में गोली लगी है. मृतक युवक का नाम साहिल सोलंकी है, वह हत्या समेत तीन आपराधिक मामलों में वांछित बताया जा रहा है. पुलिस हत्या को गैंगवार के एंगल से भी जोड़ देख रही है. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है.
घटना रोहिणी सेक्टर 17 की एक गली की है, जहां युवक पर करीब छह राउंड फायरिंग की गई. बताया जा रहा है कि मृतक युवक कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर आया था और बाजार में सामान खरीदने निकला था. इसी दौरान घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे निशाना बना लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. गंभीर रूप से घायल युवक को मौके पर ही दम तोड़ना पड़ा.
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आपसी गैंगवार और पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके. शव को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल भेज दिया गया.
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा. लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं स्थानीय लोग इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.

Post a Comment

0 Comments