ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

दिल्ली ज्योति नगर में 55 वर्षीय महिला की हत्या, घर में लाश मिलने से इलाके में सनसनी_

नई दिल्ली: उत्तर पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके के अमर कॉलोनी में 55 वर्षीय महिला की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई. वारदात से अमर कॉलोनी इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही थाना ज्योति नगर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है. हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
डीसीपी उत्तर-पूर्वी आशीष मिश्रा ने बताया कि रविवार की सुबह थाना ज्योति नगर को एक घायल महिला के संबंध में सूचना मिली थी. पुलिस टीम जब अमर कॉलोनी स्थित घटनास्थल पर पहुंची तो करीब 55 वर्षीय महिला गंभीर हालत में मिली. इसके बाद उसे तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
डीसीपी ने बताया कि फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. घटनास्थल से जरूरी सुराग इकट्ठा किए गए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस की कई टीमें आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तैनात की गई हैं. एक पड़ोसी के अनुसार, महिला अपने पति के साथ रहती थी. करीब एक वर्ष पहले दंपति ने यह मकान खरीदा था. उनके बच्चे अलग रहते हैं. पड़ोसियों का कहना है कि महिला शांत स्वभाव की थी और इलाके में किसी से विशेष विवाद की जानकारी सामने नहीं आई है.
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की जांच कर रही है. पारिवारिक विवाद, लूट या अन्य एंगल से भी मामले की पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.

Post a Comment

0 Comments