ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

डायबिटीज, मोटापा एवं इन्फ्लामेट्री बीमारियां कैंसर के प्रमुख कारणों में से एक- डॉ वाणी गुप्ता


लखीमपुर खीरी। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर एक शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ० वाणी गुप्ता द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। गेस्ट लेक्चरर ने विद्यार्थियों को विषय के बारे में संपूर्ण जानकारी दी।

प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ वाणी गुप्ता ने कहा कि मधुमेह (डायबिटीज) आज एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है, जिसके प्रभावी नियंत्रण के लिए चिकित्सकों का निरंतर अद्यतन रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि कैंसर एक ऐसी बीमारी है जिसका प्राथमिक स्तर पर पता लगना बेहद जरूरी है, ताकि समय रहते उचित उपचार देकर रोगी की जान बचाई जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डायबिटीज, मोटापा एवं इन्फ्लामेट्री बीमारियां कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल हैं, इसलिए इन गैर संचारी रोगों पर गंभीरता से ध्यान देना आवश्यक है।
इस अवसर पर डायबिटीज डिस्टिल्लेड (‘Diabetes Distilled’ ) शीर्षक से विशेष गेस्ट लेक्चर का आयोजन किया गया, जिसमें रिसर्च सोसाइटी फॉर द स्टडी ऑफ डायबिटीज इन इंडिया (आरएसएसडीआई के चेयरमैन प्रोफेसर डॉ नरसिंह वर्मा एवं अध्यक्ष डॉ अनुज महेश्वरी ने डायबिटीज के क्लीनिकल, व्यवहारिक एवं आधुनिक उपचार पहलुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की। वक्ताओं ने डायबिटीज की मूलभूत समझ, नवीन शोध, साक्ष्य आधारित उपचार रणनीतियों, जीवनशैली में बदलाव, दवाओं के सही चयन तथा दीर्घकालिक जटिलताओं की रोकथाम पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में मेडिकल छात्रों को डायबिटीज और कैंसर जैसे गैर संचारी रोगों को प्रारंभिक स्तर पर वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने और भविष्य में बेहतर चिकित्सक बनने के लिए प्रेरित किया गया। प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ वाणी गुप्ता ने अतिथि वक्ताओं एवं आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
देर शाम तक चले कार्यक्रम में लगभग 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों में एमबीबीएस प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र, जूनियर एवं सीनियर रेजीडेंट तथा फैकल्टी सदस्य शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments