लखीमपुर खीरी, 12 फरवरी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर छोटी काशी गोला कॉरिडोर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। तैयारियों का जायजा लेने के लिए राजधानी लखनऊ से आयुक्त, लखनऊ मंडल विजय विश्वास पंत और आईजी लखनऊ रेंज किरण एस गुरुवार को गोला गोकर्णनाथ पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सीडीओ अभिषेक कुमार, सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह समेत अन्य अधिकारियों के साथ कॉरिडोर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। नक्शे के माध्यम से रूट प्लान देखा और मौके पर पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का आकलन किया। कॉरिडोर परिसर में प्रस्तावित सीसीटीवी कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र और मेडिकल शिविर स्थल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जिला प्रशासन की तैयारियों पर संतोष जताया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त और आईजी ने विद्युत पोल पर लटकते तारों को तत्काल कसवाने और विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएसओ को निर्देशित किया कि मंदिर मार्गों पर गैस सिलेंडर खुले में न रखे जाएं और अवैध रूप से एक सिलेंडर से दूसरे में गैस रिफिलिंग न होने पाए। ईओ को नालियों की सफाई के साथ ओडर ट्रीटमेंट कराने और शिवरात्रि की रात्रि में समुचित पथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सभी स्ट्रीट लाइटें क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने एंबुलेंस, दमकल गाड़ियों, मार्गों पर पेयजल और मोबाइल शौचालय की उपलब्धता की भी जानकारी ली। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए इस बार व्यापक और बहुस्तरीय इंतजाम किए गए हैं।
*महाशिवरात्रि पर प्रशासन अलर्ट : नीलकंठ मैदान में आयुक्त-आईजी की बैठक, सुरक्षा व ट्रैफिक के कड़े इंतजाम*
इसके बाद आयुक्त एवं आईजी लखनऊ रेंज ने नीलकंठ मैदान में अफसरों, वॉलिंटियर्स, मंदिर प्रबंधन के साथ बैठक की। बैठक में डीएम, एसपी, सीडीओ, एडीएम, एसडीएम, सीओ, ड्यूटी में लगाए गए मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।
बैठक में शिवरात्रि पर मजिस्ट्रेट ड्यूटी एवं अन्य व्यवस्थाओं में तैनात अधिकारियों से उनके उत्तरदायित्व की जानकारी लेकर जरूरी निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट किया कि अपने-अपने सेक्टर में सतत निगरानी बनाए रखें और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरती जाए। ईओ ने सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, पानी के टैंकर, मोबाइल शौचालय सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि शिवरात्रि के दिन ट्रिपिंग की समस्या न हो। जहां भी फॉल्ट आए, उसे तत्काल ठीक किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयुक्त विजय विश्वास पंत ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डीएम-एसपी के नेतृत्व में की गई तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि इस बार महाशिवरात्रि पर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर प्लानिंग की गई है। आयुक्त ने चेयरमैन विजय शुक्ल ‘रिंकू’ की भी सराहना की। बड़ी संख्या में युवा वॉलिंटियर्स सेवाभाव से प्रशासन के साथ जुड़े हैं, यह सुखद है। ऐसे युवाओं को ईश्वर अवश्य पुण्य प्रदान करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण, अंतरविभागीय समन्वय और सुदृढ़ प्लानिंग पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए। सीएम की मंशानुरूप वॉलिंटियर्स की सक्रिय भागीदारी से व्यवस्थाएं और सुदृढ़ होंगी।
आईजी रेंज किरण एस ने कहा कि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और विश्वास दोनों आवश्यक हैं। श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। ट्रैफिक डायवर्जन और कुछ मार्ग पर आवश्यकतानुसार नो-व्हीकल जोन की व्यवस्था लागू की जाएगी। वॉलिंटियर्स के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाएगा, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्वक और सुरक्षित ढंग से भगवान शिव के दर्शन कर सकें।
अंत में चेयरमैन विजय शुक्ला रिंकू ने आभार ज्ञापित किया। बैठक में मंदिर समिति के अध्यक्ष जनार्दन गिरी, एएसपी पश्चिमी अमित राय, एसडीएम प्रतीक्षा त्रिपाठी, सीओ रमेश कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और वॉलिंटियर्स शामिल हुए।
0 Comments