लखीमपुर खीरी। एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष में अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्मल नगर में वृहद कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष गुप्ता द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर आईएमए अध्यक्ष डॉ अखिलेश वर्मा, पूर्व अध्यक्ष डॉ अखिलेश खरे, सचिव डॉ मनोज शर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ अमितेश द्विवेदी एवं नोडल एनसीडी डॉ प्रमोद वर्मा मौजूद रहे। शिविर में एनसीडी स्क्रीनिंग, टीकाकरण तथा आयुष्मान गोल्डन कार्ड भी बनाए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी अर्बन पीएचसी डॉ संस्कृति द्विवेदी द्वारा सीएमओ सहित आईएमए पदाधिकारियों एवं अधिकारियों का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। इसके उपरांत आईएमए द्वारा कैंसर जागरूकता से संबंधित पोस्टर का विमोचन सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता द्वारा किया गया।
आईएमए अध्यक्ष डॉ अखिलेश वर्मा ने बताया कि फरवरी माह के प्रत्येक रविवार को आईएमए के बैनर तले सभी निजी चिकित्सालयों में निःशुल्क कैंसर जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे कैंसर के प्रारंभिक चरण में ही रोगियों की पहचान कर उन्हें समय से उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं पहुंचाना था। शिविर में ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर एवं सर्वाइकल कैंसर की विशेषज्ञों द्वारा जांच की गई। कुल 197 लोगों ने पंजीकरण कराया, जिनकी एनसीडी स्क्रीनिंग के साथ तीनों प्रकार के कैंसर की जांच की गई। चिन्हित मरीजों को उपचार हेतु हायर सेंटर रेफर किया जाएगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के साथ सहयोग के लिए आईएमए पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। जिला प्रशिक्षक ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर डॉ अर्चना कुमारी, महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रकाशिनी वर्मा, दंत रोग चिकित्सक डॉ रोशनी कुमारी, दंत चिकित्सक डॉ अंकिता भारती, एनसीडी एपिडिमियोलॉजिस्ट डॉ राकेश गुप्ता, डॉ अक्षत अग्रवाल, विजय वर्मा, देवनंदन श्रीवास्तव अभिषेक कश्यप, स्टाफ नर्स पूनम देवी, आराधना मिश्रा, काउंसलर नीरज कुमार, मनीष कुमार आदि अधिकारी कर्मचारी मौजूद है।
*कैंसर के कारण व लक्षण*
*ओरल कैंसर:* तंबाकू, गुटखा व धूम्रपान इसके मुख्य कारण हैं। मुंह में छाले, गांठ या लंबे समय तक घाव रहना इसके लक्षण हो सकते हैं।
*ब्रेस्ट कैंसर:* स्तन में गांठ, आकार में बदलाव या दर्द इसके संकेत हो सकते हैं। समय-समय पर स्वयं परीक्षण व जांच आवश्यक है।
*सर्वाइकल कैंसर:* यह महिलाओं में अधिक पाया जाता है। नियमित जांच, स्वच्छता और टीकाकरण से इससे बचाव संभव है।
0 Comments