ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

घटिया सड़कें बनाने वालों की खैर नहीं, डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल का सख्त फरमान


लखीमपुर-खीरी, 03 फरवरी। अब शहर और कस्बों में बनने वाली सड़कों में घटिया निर्माण नहीं चलेगा। नगर निकायों द्वारा कराए जा रहे सड़क, नाली और नाला निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। लगातार मिल रही जनशिकायतों और मीडिया रिपोर्ट्स को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने हर निर्माण कार्य पर सतत निगरानी व्यवस्था लागू कर दी है।

*हर नगर निकाय के लिए सहायक अभियंता नामित*
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के निर्देश पर नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में कराए जाने वाले हॉट मिक्स प्लांट से डामरीकरण और सीसी सड़क निर्माण सहित सभी सिविल कार्यों की निगरानी के लिए एक-एक सहायक अभियंता नामित किया जाएगा। ये अभियंता निर्माण कार्य की शुरुआत से लेकर अंतिम परत तक कार्यों का पर्यवेक्षण करेंगे  ।

*हॉटमिक्स प्लांट, सीसी सड़क में सामग्री से बिछाने तक होगी निगरानी*
विशेष रूप से हॉटमिक्स प्लांट से बिटुमिन/डामर, सीसी सड़कों के निर्माण में सामग्री तैयार होने के स्थल से लेकर कार्यस्थल पर सड़क डाले जाने तक पूरी प्रक्रिया सहायक अभियंता की पर्यवेक्षण में कराई जाएगी। किसी भी स्तर पर मानकों की अनदेखी सीधे कार्रवाई को आमंत्रित करेगी।

डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने दो टूक शब्दों में कहा है कि जनसामान्य के आवागमन को सुगम बनाने के लिए होने वाले कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि है। लापरवाही, मनमानी या मिलीभगत सामने आने पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है। डीएम ने अधिशासी अभियन्ता, लोक निर्माण विभाग (निर्माण खण्ड-1, 3, प्रांतीय खंड) के अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के सभी नगरीय निकायों के लिए नामित सहायक अभियंताओं की सूचना तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि निगरानी व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू हो सके।

Post a Comment

0 Comments