फतेहाबाद पुलिस की सीआईए टीम की बोलेरो गाड़ी को हिसार के गांव ढंढूर के पास आयशर कैंटर के ड्राइवर ने टक्कर मार दी। इससे गाड़ी में सवार हेड कांस्टेबल की मौत हो गई जबकि ड्राइवर घायल हो गया। घायल को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया गया है। घनी धुंध के कारण यह टक्कर हुई बताई गई है। सूचना पाकर फतेहाबाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव को हिसार के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। सदर थाना हिसार पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद कैंटर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इस पूरे घटनाक्रम को जोमेटो कर्मचारी ने देखा। उसने कैंटर ड्राइवर का पीछा भी किया, लेकिन वह फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, सीआईए टीम में तैनात ईएचसी शमशेर मुखबिरी मिलने के बाद जांच के सिलसिले में ड्राइवर जसवीर सिंह के साथ हिसार की तरफ गए थे। वह सुबह करीब 3 बजे हिसार से वापस फतेहाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान गांव ढंढूर के पास कैंटर से टक्कर हो गई। टक्कर लगने से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, गाड़ी में अगली सीट पर बैठे शमशेर सिंह की मौत हो गई जबकि ड्राइवर जसवीर सिंह घायल हो गया। सूचना मिलते ही सीआईए इंचार्ज वेदपाल व अन्य सहकर्मी घटनास्थल की ओर रवाना हुए।
0 Comments