ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

होली से पहले मिलावटी सामान पर प्रशासनिक टीमों का छापा, मिलावटखोरों में मचा हड़कंप


लखीमपुर खीरी, 02 मार्च। त्योहारों के मौसम में मिलावट और लापरवाही पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सोमवार को जिलेभर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। 18 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाइयों, खोया, पनीर व अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने भरे गए। कई जगह कालातीत सामान जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया, जबकि स्वच्छता व मानकों में कमी मिलने पर कड़े निर्देश दिए गए।

*गोला में रिफाइंड सीज़, काजू बर्फी का नमूना*
गोला नगर पालिका स्थित गायत्री स्वीट्स के कारखाने का नायब तहसीलदार भानु प्रताप सिंह व ताहिर परवेज़ की मौजूदगी में निरीक्षण हुआ। कारीगर हेडगियर व ग्लव्स में मिले, फिर भी मेडिकल जांच व पेस्ट कंट्रोल के निर्देश दिए गए। खोया व सोयाबीन रिफाइंड का नमूना भरा गया और 13 लीटर रिफाइंड (करीब ₹1690) सीज़ किया गया। काजू बर्फी का भी नमूना लिया गया। फरधान के खजुआ शंकरपुर में खोया-पनीर इकाई से 5 किलो तैयार खोया में से नमूना संकलित किया गया।

*लखीमपुर शहर में जांच किट से टेस्ट, कमी नहीं*
बांके बिहारी स्वीट्स, रेवाड़ी स्वीट्स व माखन भोग स्वीट्स के कारखानों में उपजिलाधिकारी के साथ जांच किट से छेना व खोया मिठाइयों की जांच की गई। गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई, हालांकि साफ-सफाई व व्यक्तिगत स्वच्छता में और सुधार के निर्देश दिए गए।

*मोहम्मदी में कालातीत सामान जब्त*
पश्चिमी लखापेड़ा स्थित न्यू विनय स्वीट हाउस में 46 पैकेट कालातीत बिस्किट (करीब ₹5016) बरामद कर नष्ट कराए गए, साथ ही खोया का नमूना लिया गया। जमशेद किराना स्टोर से 90 पैकेट कालातीत बिस्किट (₹900) व 8 पैकेट नमकीन (₹1048) जब्त कर नष्ट किए गए। रजनीश किराना स्टोर से 2 पैकेट कालातीत चाय पत्ती (₹300) व 20 किलो पुरानी रंगीन कचरी (₹1000) बरामद कर नष्ट कराई गई।

*गोला में तीन दुकानों पर हिदायत*
अलीगंज, में तीन मिठाई दुकानों पर खोया, पनीर व मिठाई की जांच किट से जांच की गई। गुणवत्ता ठीक पाई गई, लेकिन खाद्य पदार्थ ढककर रखने और अखबारी कागज का प्रयोग न करने के निर्देश दिए गए।

*निघासन में 20 लीटर चाशनी विनष्ट*
सिंगाही रोड स्थित हनुमान डेयरी में छत व दीवारों पर जाले मिले। 20 लीटर संदूषित चाशनी (करीब ₹800) मौके पर नष्ट कराई गई और कुंदा (खोया) का नमूना लिया गया। पलिया रोड स्थित श्री राम स्वीट व श्री वाला जी स्वीट में भी नमूने भरे गए। एक प्रतिष्ठान में गंदी पानी टंकी मिलने पर पानी का प्रवाह सील कर सफाई के निर्देश दिए गए।

*ढकेरवा, बेहजम व पलिया में भी कार्रवाई*
विशाल स्वीट हाउस, दिल्ली स्वीट व शाविर मिष्ठान भंडार में साफ-सफाई के निर्देश दिए गए।बेहजम के मुदित स्वीट्स व जायसवाल स्वीट्स से मिल्क केक व बर्फी के नमूने लिए गए। पलिया स्थित भोला स्वीट हाउस से पनीर का नमूना संकलित किया गया। 

एफएसडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों में मिलावटखोरी पर प्रशासन की सख्त नजर बनी हुई है।

Post a Comment

0 Comments