नई दिल्ली:* दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के द्वारका इलाके में दो दिन पहले एक फ्लैट के अंदर दो लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान देवेंद्र कुमार और अमित के रूप में हुई है, जो आपस में सगे भाई बताए जा रहे थे. दोनों की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है. पुलिस को इस मामले का जांच में बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
*दो भाइयों की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने किया खुलासा:*
द्वारका जिले के उत्तम नगर इलाके में दो भाइयों की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.जांच में सामने आया है कि मृतक देवेंद्र कुमार के बेटे ने ही शराब के नशे में अपने पिता और चाचा की पिटाई कर उनकी जान ले ली.
*डीसीपी अंकित कुमार सिंह ने दी मामले की जानकारी:*
डीसीपी अंकित कुमार सिंह के अनुसार, मोहन गार्डन स्थित एक मकान में 50 वर्षीय देवेंद्र कुमार और उनके भाई अमित (48) मृत पाए गए थे. घटना स्थल पर शराब की बोतलें बिखरी हुई थीं, जिससे शुरुआती जांच में झगड़े की आशंका जताई गई थी. दोनों शवों पर बाहरी चोट के निशान नहीं थे, लेकिन मामला संदिग्ध होने के चलते पुलिस ने जांच को गंभीरता से आगे बढ़ाया.
*पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस की जांच में आयी तेजी:*
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले ने नया मोड़ लिया, जिसमें खुलासा हुआ कि दोनों की मौत मारपीट के दौरान लगी अंदरूनी चोटों के कारण हुई है. इसके बाद पुलिस का शक देवेंद्र के बेटे ईश्वर (22) पर गया, जो घटना के बाद से ही फरार चल रहा था. जांच के दौरान पुलिस ने मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला. लगातार प्रयासों के बाद 7 अप्रैल को पुलिस ने ईश्वर को मोहन गार्डन इलाके से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
*आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज, कार्रवाई जारी:*
आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह अपने पिता और चाचा के साथ शराब पी रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई. गुस्से में आकर उसने दोनों की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े हर तथ्य को स्पष्ट किया जा सके.
0 Comments