लखीमपुर खीरी 22 अप्रैल। जनपद को नए जिलाधिकारी के रूप में 2014 बैच के आईएएस अंजनी कुमार सिंह मिल गए हैं। उन्होंने बुधवार को मुख्यालय पहुंचकर कोषागार में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार सम्भालने के उपरान्त उन्होंने वरिष्ठ प्रशासनिक व अन्य अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया।
उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई प्रॉपर हो। शिकायतकर्ता की शिकायत के निदान पर संतुष्टि जरूर हो, इसे सुनिश्चित कराए। फरियादी की केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए मदद करें। अधिकारी सजग और प्रो-एक्टिव होकर काम करें। अधिकारी अपने विभाग के सकारात्मक कार्यों को मीडिया से शेयर करें।
नवागत डीएम ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले महत्वपूर्ण कार्यों एवं योजनाओं को धरातल तक पहुंचाया जायेगा तथा जनशिकायतों का समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ निस्तारण किया जाएगा।आमजन की समस्याओं का निराकरण करना और जनता की अपेक्षाओं पर खुद को खरा साबित करना ही मेरी प्रथम प्राथमिकता होगी।
नवागत डीएम ने आमजन को भरोसा दिलाया कि उनका कार्यालय हर जरूरतमंद के लिए हमेशा खुला रहेगा। जनता सीधे मिलकर या फोन के जरिए अपनी समस्या रख सकेगी।
उल्लेखनीय है कि नवागत डीएम अंजनी कुमार सिंह इससे पहले डीएम मैनपुरी के पद पर कार्य करने के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे हैं। इस दौरान सीडीओ अभिषेक कुमार, एडीएम (न्यायिक) बृजपाल सिंह, एसडीएम (सदर) अश्वनी कुमार सिंह, एसडीएम युगांतर त्रिपाठी, अर्चना ओझा, वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
0 Comments