ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

1 मई से 11 मई तक आयोजित हुए श्रमिक आरोग्य मेले, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दीं सेवाएं


​लखीमपुर खीरी। विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर जनपद की शुगर फैक्ट्रियों और निजी औद्योगिक इकाइयों में विशेष 'श्रमिक आरोग्य मेलों' का भव्य आयोजन किया गया। इन मेलों के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप श्रमिकों को उनके कार्यस्थल पर ही उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उपलब्ध कराई गई। 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता ने 1 मई से 11 मई तक चले इस अभियान को लेकर बताया कि जनपद के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में कुल 11 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन चार तिथियों में क्रमशः 1 मई, 5 मई, 7 मई और 8 मई को किया गया, जिनमें भारी संख्या में श्रमिकों और उनके परिवारों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। 1 मई को श्रमिक दिवस' के अवसर पर कुंभी शुगर मिल में सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता, सहायक श्रम आयुक्त व मिल प्रबंधन की उपस्थिति में गोला विधायक अमन गिरी और जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह द्वारा स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया गया था।

​डॉ. संतोष गुप्ता ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इन विशेष शिविरों के माध्यम से कुल 2706 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं, जिनमें 2166 पुरुष, 406 महिलाएं और 134 बच्चे शामिल हुए। इस स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत श्रमिकों की व्यापक स्क्रीनिंग की गई, जिसमें गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) पर विशेष ध्यान दिया गया। जांच के दौरान 331 श्रमिकों में उच्च रक्तचाप और 304 श्रमिकों में मधुमेह (डायबिटीज) के लक्षण पाए गए, जिन्हें तत्काल परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य मेलों में 563 लोगों की नेत्र जांच, 314 का त्वचा रोगों हेतु उपचार और 282 संदिग्ध टीबी मरीजों की पहचान कर उनके आवश्यक परीक्षण किए गए।

यह अभियान चार चरणों में चलाया गया। प्रथम चरण में 01 मई को बलरामपुर चीनी मिल यूनिट (कुम्भी/पीएलके प्लांट), बजाज हिंदुस्तान लिमिटेड खंभारखेड़ा और विम्बा इंडस्ट्रीज खीरी में शिविर लगाए गए। इसके पश्चात 05 मई को बजाज हिंदुस्तान लिमिटेड पलिया और मूसाराम इंटरप्राइजेज में आयोजन हुआ। 07 मई को डीएससीएल अजवापुर, बजाज हिंदुस्तान गोला और सरयू सहकारी चीनी मिल बेलरायां में स्वास्थ्य जांच की गई। अभियान के अंतिम चरण में 08 मई को उडमैक इंडस्ट्रीज मूसेपुर, किसान सहकारी चीनी मिल सम्पूर्णानगर और बलरामपुर चीनी मिल गुलरिया में मेलों का आयोजन कर श्रमिकों को लाभान्वित किया गया।

​स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु शिविर स्थल पर ही लैब इन्वेस्टिगेशन की सुविधा दी गई, जिसके तहत 927 लोगों की ब्लड शुगर जांच की गई और 940 लोगों का डिजिटल एक्स-रे किया गया। जाच रिपोर्ट में 108 शुगर केस और 25 एक्स-रे केस में विसंगतियां पाई गईं, जिन्हें आगे के उपचार हेतु संदर्भित किया गया। साथ ही, मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए 7 गर्भवती महिलाओं का परीक्षण और 53 बच्चों का पूर्ण टीकाकरण संपन्न हुआ। शासन की कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए शिविर के दौरान 223 आयुष्मान कार्डों का भौतिक सत्यापन और प्रमाणीकरण भी किया गया, जिससे भविष्य में ये श्रमिक सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क इलाज प्राप्त कर सकेंगे। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के इस अभिनव प्रयास की श्रमिक संगठनों और मिल प्रबंधकों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments