ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

नगर पालिका पलियाकला में एडीएम का औचक निरीक्षण, अभिलेखों की हुई गहन जांच


लखीमपुर खीरी, 02 मई। नगर पालिका परिषद पलिया कला में उस समय अफरा- तफरी का माहौल बन गया जब एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने अचानक औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्था की जमीनी हकीकत टटोली। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे एडीएम ने कार्यालय के विभिन्न पटलों का बारीकी से निरीक्षण किया और रखे गए अभिलेखों को खंगाला। इस दौरान एसडीएम डॉ अवनीश कुमार, तहसीलदार ज्योति वर्मा मौजूद रही।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने एक-एक पटल पर जाकर फाइलों की स्थिति, अभिलेखों के रखरखाव, लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति तथा कार्य निष्पादन की गति की विस्तार से समीक्षा की। राजस्व अनुभाग में कर वसूली की प्रगति, लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धि और बकाया वसूली की स्थिति की भी गहन पड़ताल की गई।

एडीएम ने विशेष रूप से नामांतरण के मामलों की गहराई से जांच की, जिसमें संबंधित रजिस्टर अपूर्ण पाए गए। इस पर उन्होंने गंभीर रुख अपनाते हुए संबंधित पटल सहायक को चेतावनी दी और निर्देशित किया कि सभी अभिलेखों को पूर्ण एवं व्यवस्थित कर एक सप्ताह के भीतर पुनः जांच कराई जाए।

एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कार्यालय की कार्यप्रणाली पर विशेष फोकस करते हुए निर्देश दिए कि सभी अभिलेख व्यवस्थित, अद्यतन और पारदर्शी रूप से संधारित किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व व कर वसूली में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी, लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए।

एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था की गुणवत्ता का सीधा संबंध जनता को मिलने वाली सुविधाओं से है, इसलिए कार्य में गति और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के अंत में उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और नियमित समीक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Post a Comment

0 Comments