ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

बिहार में पुलिस पर हमला, जमकर बरसाए ईंट-पत्थर, SI समेत तीन पुलिसकर्मी घायल


प.चंपारण: बिहार के प.चंपारण स्थित बेतिया में नरकटियागंज के शिकारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मढिया गांव में ग्रामीणों ने जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया. इस हमले की घटना में एक एसआई समेत तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. जिनका इलाज नरकटियागंज अनुमंडल अस्पताल में कराया गया.
शिकायत पर पहुंचे थे पुलिसकर्मी: मिली जानकारी के अनुसार मढिया गांव की निवासी पार्वती देवी ने शिकारपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि घर के सामने रास्ते पर लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है. शिकायत के अनुसार आरोपियो ने आम के चार पेड़ों समेत आधा दर्जन पेड़ काट दिए थे. इसी शिकायत के आधार पर एसआई रविशंकर प्रसाद टीम के साथ जांच करने गांव पहुंचे थे.
जांच के दौरान बदसलूकी: गांव पहुंची पुलिस टीम कटे हुए पेड़ों की वीडियोग्राफी कर पूछताछ कर रही थी. इसी दौरान दूसरे पक्ष के महिला और पुरुष लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंचे और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी. हमलावरों ने महिला गार्ड संध्या कुमारी से उनका मोबाइल छीन लिया और धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट शुरू कर दी.
ईंट-पत्थर से पुलिस टीम पर हमला: बताया जा रहा है कि आक्रोशित हमलावरों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर चलाए, जिसमें एसआई रविशंकर प्रसाद, गार्ड संध्या कुमारी और अभिषेक कुमार घायल हो गए. हमलावरों ने पुलिस वाहन के पहिए में कील ठोककर उसे बुरी तरह पंचर भी कर दिया. पुलिस ने मामले में 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
थानाध्यक्ष का बयान: पूरे मामले में शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने एक आरोपी मदन राम को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है.

"पूरे मामले में पुलिस की पूरी नजर है.. दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी." मनोज कुमार सिंह, शिकारपुर थानाध्यक्ष
पुलिस की कार्रवाई: इस हिंसक घटना और विवाद को लेकर पीड़ित मुकेश कुमार ने भी अपना बयान दर्ज कराया है. पुलिस प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी है. गांव में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम लगातार नजर रख रही है।

Post a Comment

0 Comments