करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर के खिलाफ दर्ज मामलों के विरोध में शनिवार को कई जिलों से कार्यकर्ता मंदसौर पहुंचे. करणी सेना के लोगों ने एसपी ऑफिस का घेराव किया. करीब 4 घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने एक साल पहले भावगढ़ थाने में दर्ज एक मामले को लेकर जीवन सिंह शेरपुर की गिरफ्तारी की.
शेरपुर के खिलाफ दर्ज मामलों का विरोध, पुलिस से हाथापाई
बता दें कि करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर के खिलाफ थाना भावगढ़ में शराब ठेकेदारों से हफ्ता वसूली और जानलेवा हमलो की धाराओं में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज हैं. दोनों प्रकरणों की वापसी की मांग को लेकर शनिवार दोपहर 1:00 बजे से प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर की मौजूदगी में करणी सैनिकों ने एसपी ऑफिस का घेराव शुरू कर दिया. करीब 4 घंटे तक हुए इस प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से हाथापाई भी हुई.
शराब ठेकेदार से विवाद के दो केस दर्ज हुए थे
बता दें कि सालभर पहले जीवन सिंह शेरपुर की भावगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बेहपुर के शराब ठेकेदार महेंद्र सिंह और कंपनी कर्मचारियों के साथ विवाद हुआ था. इस मामले में उनके खिलाफ धारा 307 में एक मामला दर्ज है. इसी दौरान पिछले हफ्ते ही इसी कंपनी के ठेकेदार की शिकायत पर कर्मचारियों के साथ हफ्तावसूली का एक और नया मामला दर्ज कराया. दोनों मामलों को लेकर पुलिस जीवन सिंह की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही थी. इसी दौरान करनी सेना के प्रदेश अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर ने प्रकरण वापसी की मांग को लेकर एसपी ऑफिस का घेराव करने की चेतावनी दी. शनिवार को मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों से संगठन के युवा पहुंचे.
करणी सेना के प्रदर्शन में महिलाएं भी हुईं शामिल
दोपहर करीब 1:00 बजे एसपी ऑफिस के गेट के बाहर शुरू हुए प्रदर्शन में कई महिलाएं भी शामिल थीं. इसी बीच जीवन सिंह शेरपुर नाटकीय ढंग से अचानक प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और उन्होंने पुलिस को खुद की गिरफ्तारी की चेतावनी दी. इस मामले में पुलिसकर्मी दो बार उन्हें गिरफ्तार भी करने पहुंचे लेकिन करणी सेना के कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण गिरफ्तारी नहीं हो सकी. इस दौरान काफी अफरातफ़री का माहौल रहा. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय पत्रकार जानलेवा हमला कर दिया.
डीआईजी ने प्रदर्शनकारियों को समझाया
पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की. काफी देर तक चल हंगामे के बाद रतलाम डीआईजी मनोज सिंह मंदसौर पहुंचे और करणी सेना के कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर ने खुद समर्पण करने की बात कही. शाम 5 बजे के आसपास जीवन सिंह शेरपुर ने खुद समर्पण की घोषणा करते हुए एसपी ऑफिस के सामने अपनी गिरफ्तारी दे दी.
डीआईजी के समझाने पर शेरपुर ने दी गिरफ्तारी
करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष इस मामले में जीवन सिंह शेरपुर ने बताया "पुलिस ने दोनों मामले उनके खिलाफ फर्जी तरीके से दर्ज किए हैं और वह इन्हीं के विरोध में आज यहां प्रदर्शन के लिए पहुंचे थे. डीआईजी के आश्वासन के बाद वह पूर्व के प्रकरण में खुद समर्पण कर रहे हैं." वहीं, मंदसौर एसपी अभिषेक आनंद ने बताया "जीवन सिंह शेरपुर पर पहले भी प्रदेश के अलग-अलग थानों में 10 प्रकरण दर्ज हैं. मंदसौर जिले समेत उनके खिलाफ 12 प्रकरण है. आज उनकी गिरफ्तारी की गई है."
0 Comments