हमीरपुर: जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. कुरारा थाना क्षेत्र में रहने वाली मंदबुद्धि, गूंगी और 4 महीने की प्रेग्नेंट महिला के साथ गैंगरेप किया गया. इतना ही नहीं रेप से पहले महिला को गर्भनिरोधक की ज्यादा डोज भी खिला दी गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई. पहले महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके बाद कानपुर रेफर कर दिया गया, जहां बुधवार महिला ने दम तोड़ दिया. पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है.
जानकारी के मुताबिक, कुरारा थाना क्षेत्र की एक गूंगी और मंदबुद्धि महिला इन दिनों अपने मायके में रह रही थी. वह 4 महीने की गर्भवती भी थी. एक दिन पहले गांव के ही आरोपियों ने उसे बहला-फुसलाकर खेत में ले गए. वहां जबरन उसे गर्भनिरोधक गोलियां खिलाईं गई. इसके बाद बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया.
वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए. वहीं महिला की हालत अचानक बिगड़ गई. जिला अस्पताल में भर्ती महिला को कानपुर रेफर किया गया. वहां इलाज के दौरान बुधवार को महिला की मौत हो गई. महिला की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. वहीं, पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया.
इस प्रकरण में मृत महिला के परिजनों ने गांव के ही दबंग रामबाबू और मुन्नीलाल के खिलाफ गैंगरेप का मुकदमा दर्ज कराया है. हैरानी की बात यह है, कि पुलिस अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है.
वहीं, कुरारा थाना प्रभारी नंदलाल प्रजापति ने बताया कि पीड़िता को गंभीर हालत में मंगलवार को कानपुर रेफर किया गया था. बुधवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है. दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
0 Comments