इंदौर: बिग बॉस फेम एवं बॉलीवुड एक्टर एजाज खान के खिलाफ इंदौर क्राइम ब्रांच के द्वारा प्रकरण दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि एजाज खान ने पिछले दिनों गैंगस्टर सलमान लाला की मौत के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था. उस वीडियो में उन्होंने कुछ आपत्तिजनक चीजों का जिक्र किया था. जिसके चलते एक फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है.
भ्रम फैलाने वाले किए गए चिन्हित
गैंगस्टर सलमान लाला की पिछले दिनों सीहोर के पास एक तालाब में डूबने से मौत हुई थी. वहीं, सलमान लाला की मौत के बाद उनके समर्थकों के द्वारा अलग-अलग तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए गए. इस दौरान उन वीडियो में कई तरह की भ्रामक जानकारी भी समर्थकों के द्वारा बनाए जाने का आरोप है. जिसके चलते पुलिस ने 35 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित किए हैं.
एजाज खान ने भी बनाया था रील
बॉलीवुड एक्टर एवं बिग बॉस फेम एजाज खान ने एक रील इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी. जिसमें उन्होंने जिक्र किया था कि "सलमान लाला डूब के मर गया तालाब में, ऐसा बोला जाता है. मुझे ऐसा लगता है कि वह बहुत बड़ा तैराक था. समंदर में तैरने वाले तालाबों से डूब कर नहीं मर जाया करते हैं. मैं उसे जानता नहीं पर बोला जाता है कि वह गैंगस्टर था. गुनाह उसका यह नहीं था कि वह गैंगस्टर था, उसका गुनाह यह है कि वह मुसलमान था, इसलिए मार दिया गया."
एजाज खान का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो इंदौर में रहने वाले इरशाद खान नामक व्यक्ति के द्वारा इस पर आपत्ति जताई गई. उसने इंदौर क्राइम ब्रांच को इस पूरे मामले में शिकायत की. उसने अपनी शिकायत में लिखा कि "एजाज खान अपने वीडियो में सलमान लाला के समर्थकों और विशेष समुदाय में अन्य समुदाय के विरुद्ध घृणा एवं द्वेष की भावना उत्पन्न हो रही है. जिससे की जाति एवं समुदाय के बीच सौहार्द बने रहने पर प्रतिकूल प्रभाव होगा तथा लोक शांति के भंग होने की संभावना है."
फरियादी के शिकायत पर प्रकरण दर्ज
फरियादी इरशाद खान की शिकायत पर इंदौर क्राइम ब्रांच के द्वारा बॉलीवुड एक्टर एवं बिग बॉस फ्रेम एजाज खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि "प्रारंभिक तौर पर फरियादी के द्वारा जो शिकायत की गई है, उसी के आधार पर प्रकरण दर्ज कर पूरे मामले की जांच पड़ताल की गई है. जो भी कार्रवाई होगी वह आगे की जाएगी." वहीं, मेटा को पत्र लिखकर एजाज खान का अकाउंट सस्पेंड करने की भी बात कही है.
0 Comments