नई दिल्ली/नोएडा: नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने सेक्टर बीटा-2 में हुई युवती की बेरहमी से हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उस सिरफिरे आशिक को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने एकतरफा प्यार में दीपा की जान ली थी. आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
युवती की हत्या मामले में आरोपी गिरफ्तार
दीपा की हत्या के बाद पूरे कमिश्नरेट में हड़कंप मच गया था, जिसके बाद 6 विशेष टीमों का गठन किया गया. इस पूरी कार्रवाई की कमान एसीपी सार्थक सेंगर, एसीपी हेमंत उपाध्याय और थाना बीटा-2 प्रभारी विनोद कुमार ने संभाली. मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने जब आरोपी को घेरा, तो उसने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया.पुलिस के अनुसार पूछताछ में हत्या की वजह सामने आयी.
एकतरफा प्यार में आरोपी ने हत्या को दिया अंजाम
इस सनकी और एकतरफा प्यार में पड़ा आरोपी दीपा पर दोस्ती करने के लिए लंबे समय से दबाव बना रहा था. दीपा ने जब उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया और बात करने से मना कर दिया, तो वह अपना आपा खो बैठा और आरोपी ने मौका पाकर दीपा को घेरा और बेरहमी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी.हत्या के बाद उसने शव को सेक्टर बीटा-2 में एक कार के नीचे फेंक दिया ताकि यह हादसा लगे.
युवती के भाई ने पुलिस में लिखायी गुमशुदगी की रिपोर्ट
दीपा की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके भाई ने पुलिस में की थी जिसके बाद से पुलिस मामले को लेकर पूरी तरह सक्रिय थी. पुलिस जांच टीम ने जब आरोपी को पकड़ा तो उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया गया है.
टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज 30 घंटे में हत्यारे तक पहुंचने में कामयाबी हासिल की. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है. एडिसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार नें बताया कि मैनुअल इंटेलिजेंस व गोपनीय सूचना विकसित करते हुए ढकिया वाले बाबा गोलचक्कर के पास आरोपी की घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया. पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया.
आरोपी ने गला दबाकर की दीपा की हत्या
घायल आरोपी का नाम अंकित कुमार पुत्र संजय निवासी ग्राम जैत वैशपुर, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर है. उन्होंने बताया कि आरोपी अंकित कुमार द्वारा 11/12 जनवरी 2026 की रात्रि में एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी और उसे हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया था, जिसके संबंध में थाना बीटा-2 पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था. आरोपी से पूछताछ के दौरान यह स्वीकार किया कि आरोपी अंकित कुमार की मृतका से दोस्ती थी और वो मृतका से प्रेम करता था इसलिए जब मृतका द्वारा उसका प्रस्ताव ठुकराया गया तो आरोपी द्वारा उक्त घटना को अंजाम दिया गया.
0 Comments