*जयपुर:* श्रीगंगानगर अनूपगढ़ के रावला थाना क्षेत्र के गांव 1 केएलएम में 30 जनवरी को हुए आशीष हत्याकांड में सोमवार को महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी संजू (संजय) उसका मौसेरा भाई रोहित (रॉकी) और दोस्त बादल (सिद्धार्थ) को रावला पुलिस ने घड़साना कोर्ट में पेश किया. मजिस्ट्रेट ने तीनों आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए. कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान तीनों आरोपी मुंह छुपाते हुए नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें अनूपगढ़ के उपकारागृह भेज दिया.
यह हत्याकांड शुरू में सड़क हादसे और लूट का मामला लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक आशीष की पत्नी अंजलि उर्फ अंजू ने अपने प्रेमी संजू और उसके दो साथियों के साथ मिलकर इसकी साजिश रची थी. तीनों ने आशीष को लाठी-डंडों से पीटा और गला घोंटकर मार डाला, फिर शव को सड़क पर फेंककर हादसे का नाटक रचा. अंजू ने खुद को बेहोश दिखाया और अपने फोन व गहने आरोपियों को सौंपकर लूट का बहाना बनाया. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटने और मारपीट के निशान मिले, जबकि अंजू को कोई गंभीर चोट नहीं थी. जांच में कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन डेटा और अन्य सबूतों से साजिश का पर्दाफाश हुआ. रावला पुलिस ने शुक्रवार को अंजू को कोर्ट में पेश किया था, जहां उसे भी 14 दिनों की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया और बीकानेर जेल पहुंचा दिया गया.
*आरोपियों ने मिलने नहीं आए परिजन:*
डीएसपी प्रशांत कौशिक ने बताया कि आशीष की हत्या के बाद पुलिस ने आशीष की पत्नी अंजू, उसके प्रेमी संजय उर्फ संजू, संजू के मौसरे भाई रोहित और उनके दोस्त बादल को गिरफ्तार कर लिया था. डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों का रिमांड लिया गया था, लेकिन रिमांड से लेकर आज न्यायिक अभिरक्षा की प्रक्रिया तक किसी भी आरोपी के परिजन आरोपियों से मिलने नहीं आए.
*संजू बादल को पदमपुर का कहकर लाया था अपने साथ:*
डीएसपी ने बताया कि अंजू का प्रेमी संजू अपने दोस्त बादल को आशीष की हत्या के लिए अपने साथ झूठ बोलकर लाया था. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि संजू बादल को पदमपुर किसी काम का कहकर लाया था, जब तीनों दोस्त बाइक पर श्रीगंगानगर से पदमपुर पहुंचे तो बादल ने अपने दोस्त संजू से दोबारा पूछा कि वह पदमपुर से आगे कहां जा रहे हैं, तब संजू ने उसे थोड़ा सा और आगे आने का कहकर उसे रावला ले आया और इस निर्मम हत्या को अंजाम दिया.
0 Comments