जयपुर:* राजस्थान के भरतपुर में सरकारी राशन को लेकर अजीब मामला सामने आया है. एक ग्रामीण को राशन में गेहूं दिया गया तो उसमें मिट्टी के साथ गुटखे के रैपर मिले. इस बात से नाराज होकर ग्रामीण गेहूं का कट्टा और अपनी शिकायत लेकर सीधे कलेक्टर कमर चौधरी के पास पहुंच गया. हालांकि उसकी मुलाकात कलेक्टर साहब से नहीं हो पाई क्योंकि वह मीटिंग में थे. लेकिन रसद विभाग के अधिकारियों ने बुजुर्ग को बुलाया और गेहूं की जांच की. अफसरों ने राशन डीलर को फोन किया और गेहूं बदलने के आदेश दिए.
यह पूरा मामला भरतपुर जिले का है, यहां फतेहपुर के रहने वाले दीवान सिंह ने बताया कि सोमवार (9 फरवरी) को फतेहपुर डीलक के पास अनाज लेने गया था. लेकिन डीलर ने जो गेहूं दिया उसमें मिट्टी और गुटखे के रैपर मिले हुए थे.
*डीलर ने कहा ऊपर से ही ऐसा अनाज आ रहा:*
अनाज देने के बाद डीलर ने एंट्री कर दी थी. दीवान सिंह ने बताया कि जब राशन डीलर से अनाज को लेकर शिकायत की तो उसने कहा कि ऐसा ही अनाज ऊपर से आ रहा है, इसलिए आपको भी ऐसा ही अनाज मिलेगा. अगर चाहिए तो ले जाओ, नहीं तो यहीं छोड़ दो. ऐसे में दीवान सिंह अपनी शिकायत लेकर सीधे कलेक्टर ऑफिस पहुंचा. लेकिन कलेक्टर कमर चौधरी से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई. वहीं, रसद विभाग के DSO पवन अग्रवाल ने बताया कि एक ग्रामीण गेहूं लेकर आया था, जिसमें कुछ मिट्टी मिली थी. तुरंत राशन डीलर को फोन कर गेहूं को बदलने के निर्देश दिए गए. हालांकि सवाल यह है कि अगर राशन डीलर ऐसे गेहूं दे रहा है तो पूरे गांव में ऐसे अनाज बांटे जा रहे हैं, जो बड़ी लापरवाही है. अगर ऐसे अनाज राशन डीलर को दिए जा रहे हैं तो यह उससे भी बड़ी लापरवाही है.
0 Comments