ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

अपनी बच्चियों को सुरक्षित रखने के लिए जरूर लगाए एचपीवी वैक्सीन - सीएमएस


लखीमपुर खीरी। सर्वाइकल कैंसर से किशोरियों व युवतियों को सुरक्षित करने के उद्देश्य से शुरू किए गए एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ राजस्थान के अजमेर में नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा लखनऊ में किया गया। इस अवसर का सजीव प्रसारण स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध जिला चिकित्सालय मोतीपुर-ओयल में उत्सव के रूप में देखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमएस डॉ. आर.के. कोली ने की।
कार्यक्रम के दौरान सीएमएस डॉ. कोली ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में 90 से 95 प्रतिशत तक प्रभावी है। यह डोज 9 से 14 वर्ष की आयु वर्ग की किशोरियों को लगाई जाती है। पहली डोज के 6 से 12 महीने के भीतर दूसरी डोज लगती है, जो पूरी तरह सुरक्षित है।
समय पर वैक्सीनेशन से किशोरियों को भविष्य में होने वाले इस गंभीर रोग से सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर कैंसर है, जो मुख्य रूप से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) संक्रमण के कारण होता है।
यह संक्रमण प्रायः लंबे समय तक बिना लक्षण के रहता है और धीरे-धीरे कैंसर का रूप ले सकता है।
प्रारंभिक अवस्था में पहचान और एचपीवी टीकाकरण से इस कैंसर को काफी हद तक रोका जा सकता है।
नियमित जांच (स्क्रीनिंग) और टीकाकरण मिलकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत सहायक हैं।
इस अवसर पर डॉ. एके द्विवेदी, डॉ. दीपेंद्र गौतम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अभियान की सराहना करते हुए अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण से जोड़ने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments