ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

होली के दृष्टिगत इमरजेंसी सेवाओं के निरीक्षण को दिनभर भ्रमण पर रहे सीएमओ


लखीमपुर खीरी। होली पर्व के मद्देनज़र जिले में स्वास्थ्य एवं इमरजेंसी सेवाओं को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संतोष गुप्ता रविवार की दोपहर से देर रात तक लगातार भ्रमण पर रहे। नजदीकी ब्लॉक बिजुआ से लेकर भारत-नेपाल सीमा तक संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का उन्होंने निरीक्षण किया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर इमरजेंसी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उनके साथ डीपीएम अनिल यादव भी मौजूद रहे।
सीएमओ ने बताया कि होली के अवसर पर संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों को देखते हुए सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर इमरजेंसी सेवाओं की विशेष रूप से जांच की गई। निरीक्षण की शुरुआत रविवार दोपहर पीएचसी पड़रिया तुला एवं सुंदरवल से की गई। इसके उपरांत वह सायं लगभग 5:30 बजे सीएचसी पलिया पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड, ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता, दवाओं तथा आवश्यक उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया।
इसके बाद रात्रि लगभग 8 बजे चंदनचौकी एवं 9 बजे गौरीफंटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया गया। देर रात तक किए गए निरीक्षण में सभी केंद्रों पर इमरजेंसी सेवाएं सुचारु रूप से चलती हुई पाई गईं। चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित मिले और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा था।
सीएमओ ने विशेष रूप से होली के दौरान सड़क हादसों की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए एंबुलेंस, प्राथमिक उपचार, ट्रॉमा किट तथा जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए और इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे पूरी मुस्तैदी के साथ संचालित रहें।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने आम जनमानस से भी अपील की कि होली का पर्व उत्साहपूर्वक मनाएं, लेकिन पूरी सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि रासायनिक रंगों के स्थान पर प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें, जिससे त्वचा संबंधी रोगों और एलर्जी से बचाव हो सके। साथ ही नशे की हालत में गाड़ी बिल्कुल ना चलाएं, यह आपके जीवन के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

Post a Comment

0 Comments