राजस्थान झुंझुनू: पचेरीकलां थाना क्षेत्र के रामसर में बुधवार को एक महिला की बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी गई. महिला अपने घर से मंदिर जा रही थी. इसी दौरान गांव के एक युवक ने रास्ते से अपने घर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया. घटना की सूचना पर पचेरीकलां पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना कर आवश्यक जानकारी जुटाई.
डीएसपी नोपाराम भाकर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार व उसकी मां नीता देवी को हिरासत में लेकर पुछताछ की जा रही है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बुहाना के राजकीय अस्पताल में भिजवाया है. मामले की गहनता से जांच की जा रही है. एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है. जानकारी के अनुसार रामसर निवासी कमला देवी (60) पत्नी ख्यालीराम बुधवार को करीब 10 बजे अपने घर से मंदिर जा रही थी. इस दौरान गांव का ही राजेश पुत्र महासिंह रास्ते से जा रही कमला देवी को जबरन पकड़ कर अपने घर ले गया. इस दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे महिला ने दम तोड़ दिया. मृतका के परिजनों का दावा है कि कमला देवी के सिर में धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई.
आरोपी राजेश का मकान मंदिर के पास ही है, जबकि कमला देवी का मकान घटनास्थल से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर है. वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी अपने घर पर ही रहा. पुलिस आने के समय भी मौके पर मौजूद था. पुलिस ने राजेश कुमार व उसकी मां नीता देवी को हिरासत में ले लिया. मृतक महिला कमला देवी का पति ख्यालीराम गांव में ही टैक्टर चलाकर मजदूरी करता है. इनके एक बेटा जितेंद्र दिव्यांग है और दूसरा बेटा सत्येंद्र है. घटना के समय मृतका का छोटा बेटा सत्येंद्र किसी काम से पचेरीकलां गया हुआ था. घटना की सूचना पर बुहाना डीएसपी नोपाराम भाकर, थानाधिकारी बनवारीलाल यादव भी मौके पर पहुंचे.
@all
0 Comments