ताजा समाचार

20/recent/ticker-posts

सड़क पे कोई अकेली लड़की लिफ्ट मांगे तो ना दें - हरियाणा में हाइवे पे लड़की के ज़रिए लूटपाट


पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सैक्टर-19 की टीम ने हाईवे पर लिफ्ट के बहाने लूट, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली की 54 वारदातों को अंजाम देने वाले इस गिरोह के सरगना दीपक कुमार उर्फ दीपु पुत्र पवन कुमार, निवासी गांव ढंडारडु, हाल किरायेदार सेक्टर-12 ए पंचकूला को 2 जनवरी को पिंजौर गार्डन से काबू किया है। आरोपी 5 हजार रुपये का इनामी वांटेड बदमाश था और पिछले करीब 12 वर्षों से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त था। आरोपी के खिलाफ पंचकूला व मोहाली में स्नैचिंग, लूट, हत्या का प्रयास और हथियार तस्करी सहित कुल 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमाडं के दौरान पुलिस आरोपी से वारदात में लूटा गया कैश, वारदात में प्रयोग कैश बरामद किया जाएगा। 

जांच में सामने आया कि यह गैंग लंबे समय से पंचकूला, मोहाली और अंबाला सहित आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था और महिला आरोपी के माध्यम से हाईवे पर वाहन चालकों को निशाना बनाकर लिफ्ट के बहाने लूटपाट, ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली करता था। अब तक यह गिरोह 54 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है।

एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि 15 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश निवासी एक ट्रक चालक ने थाना चंडीमंदिर में शिकायत दर्ज करवाई थी। पीड़ित के अनुसार, 13 दिसंबर को वह बद्दी से देहरादून के लिए पिकअप वाहन में सामान लेकर जा रहा था। चंडीमंदिर टोल प्लाजा पार करने के बाद सुबह करीब 5 बजे एक अज्ञात युवती ने लिफ्ट मांगी। चालक द्वारा गाड़ी रोकने पर युवती ने नाडा साहिब स्थित आईटी पार्क जाने की बात कही। जैसे ही नेशनल हाईवे पंचकूला-यमुनानगर पर घग्गर नदी का पुल पार कर गांव चौकी के पास चालक उसे उतारने लगा, तभी वेगनआर कार से उतरे दो युवकों ने चाकू दिखाकर पीड़ित से 2400 रुपये नकद, मोबाइल फोन लूट लिया और चाकू की नोक पर मोबाइल के जरिए गूगल-पे से 50 हजार रुपये भी ट्रांसफर करवा लिए। इस पर थाना चंडीमंदिर में लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 के इंचार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर 17 दिसंबर को सूरज सिनेमा, सेक्टर-1 पंचकूला के पास से दो आरोपियों अशोक कुमार निवासी जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) और सन्नी कुमार सचदेवा निवासी फाजिल्का (पंजाब) को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त वेगनआर कार बरामद की गई। इसके बाद 18 दिसंबर को महिला आरोपी संदीप कौर उर्फ माही उर्फ दीपु, निवासी जिला फिरोजपुर (पंजाब) को भी गिरफ्तार किया गया। आरोपी संगठित गैंग के रूप में काम कर रहे थे और महिला आरोपी के जरिए हाईवे पर वाहन चालकों को फंसाते थे। 

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने पंचकूला, मोहाली और अंबाला में स्नैचिंग, जबरन वसूली और ब्लैकमेलिंग की 53 वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया था। पंजाब में भी इनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस कमिश्नर पंचकूला (एडीजीपी) शिवास कविराज: पंचकूला पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी मजबूती, सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है। भविष्य में भी लूट, स्नैचिंग और संगठित अपराध के खिलाफ सख्त व त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
पंचकूला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अनजान व्यक्तियों को लिफ्ट देने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दे

Post a Comment

0 Comments