अमरोहा/बाराबंकी: यूपी पुलिस ने अमरोहा और बाराबंकी जिलों में हाफ एनकांटर किए हैं. अमरोहा में 25 हजार के इनामी बदमाश और हत्यारोपी को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया गया है. वहीं, बाराबंकी में 15 हजार के इनामी शातिर बदमाश को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है.
जज के पेशकार की हुई थी हत्या: अमरोहा के पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि 11 जनवरी 2026 नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी जूनियर डिविजन जज के पेशकार राशिद को अपने परिवार के साथ मुरादाबाद जा रहे थे.
जैसे ही वह डिडौली थाना क्षेत्र के हाइवे पर पहुंचे तो ओवरटेक को लेकर बाइक सवारों के साथ झड़प हो गई. बाइक सवारों ने राशिद की पीटकर हत्या कर दी. उनके भतीजे की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई.
मंगलवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी कलीम सीएनजी पंप के सामने वाली कॉलोनी में छिपा हुआ है. पुलिस ने घेराबंदी की और उसे पकड़ने का प्रयास किया. पुलिस को देखकर आरोपी कलीम ने फायरिंग शुरू कर दी.
इस दौरान डिडौली कोतवाली में तैनात दरोगा मोहम्मद तारिक की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी. पुलिस की जवाबी फायरिंग में हत्या के मुख्य आरोपी 25 हजार के इनामी बदमाश कलीम के पैर में गोली लगी. वह घायल हो गया. उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया.आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस, एक बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां पुलिस की निगरानी में इलाज चल रहा है.
बाराबंकी में शातिर बदमाश गिरफ्तार: बाराबंकी के एडिशनल एसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार की रात जैदपुर थाने की पुलिस वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए चेकिंग कर रही थी.
तभी भनौली नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्ति के होने की सूचना मिली. जैदपुर थाने की पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर संदिग्ध को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा और जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी.
सेल्फ डिफेंस में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिससे गोली संदिग्ध व्यक्ति के पैर में लगी और वह घायल हो गया. बदमाश को इलाज के लिए पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा.
एडिशनल एसपी रितेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान मोहम्मद वसीम पुत्र मुन्ना, निवासी ग्राम जमलापुर थाना असंदरा, जिला बाराबंकी के रूप में हुई. गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है.
गिरफ्तार बदमाश यूपी गैंगेस्टर ऐक्ट में वांछित था. इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था. बदमाश के खिलाफ बाराबंकी, लखनऊ, अमेठी और बहराइच में चोरी, हत्या के प्रयास, अवैध मादक पदार्थ की तस्करी जैसे गंभीर करीब 25 मुकदमे दर्ज हैं.
0 Comments